जायडस अस्पताल, अहमदाबाद में चिकित्सकों से की चर्चा, परिजनों से मिलकर दिया भरोसा
अहमदाबाद, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री सी.पी. जोशी ने रविवार को अहमदाबाद स्थित जायडस अस्पताल पहुंचकर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास के स्वास्थ्य की जानकारी ली। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने अस्पताल के चिकित्सकों से बातचीत कर डॉ. व्यास के स्वास्थ्य की स्थिति की विस्तार से जानकारी प्राप्त की और बेहतर इलाज के लिए जरूरी सुझाव दिए।
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत और श्री जोशी ने डॉ. व्यास के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। अशोक गहलोत ने कहा कि गिरिजा व्यास जी का जीवन देश की सेवा और महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित रहा है। हम सब उनकी शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
डॉ. गिरिजा व्यास देश की वरिष्ठ महिला नेताओं में से एक रही हैं और उन्होंने केंद्रीय मंत्री के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर देशभर से शुभकामनाएं प्राप्त हो रही हैं।
इस मौके पर कई कांग्रेस कार्यकर्ता, शुभचिंतक और स्थानीय समाजसेवी भी अस्पताल में मौजूद रहे। सभी ने मिलकर डॉ. व्यास के जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की।