महाराष्ट्र में एक सनसनीखेज घटनाक्रम में एक भाजपा विधायक ने शिवसेना शिंदे गुट के एक नेता को पुलिस स्टेशन में गोली मार दी। पुलिस ने इस मामले में भाजपा विधायक को गिरफ्तार कर लिया है। बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ ने शुक्रवार रात महाराष्ट्र के उल्हासनगर के हिल लाइन पुलिस स्टेशन में शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) नेता महेश गायकवाड़ पर कथित तौर पर गोलियां चला दीं। गायकवाड़ और उनका एक समर्थक पांच गोलियों से घायल हो गए।
यह घटना पुलिस स्टेशन में वरिष्ठ निरीक्षक अनिल जगताप की मौजूदगी में भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ और शहर प्रमुख महेश गायकवाड़ के बीच बातचीत के दौरान हुई। गोलीबारी की घटना में शिवसेना नेता बुरी तरह घायल हो गए हैं और ठाणे के ज्यूपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीसीपी सुधाकर पठारे ने कहा कि महेश गायकवाड़ और गणपत गायकवाड़ के बीच किसी बात को लेकर मतभेद हो गया और वे शिकायत करने के लिए पुलिस स्टेशन आए थे। इसी दौरान उनके बीच बातचीत हुई और गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ पर गोली चला दी। इस मामले में जांच चल रही है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दत्तात्रेय शिंदे के मुताबिक, गणपत गायकवाड़ का बेटा जमीन संबंधी विवाद के सिलसिले में शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाने आया था, तभी महेश गायकवाड़ अपने लोगों के साथ वहां पहुंचे। बाद में गणपत गायकवाड़ भी थाने पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि विधायक और शिवसेना नेता के बीच विवाद के दौरान गणपत गायकवाड़ ने वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष के अंदर महेश गायकवाड़ पर कथित तौर पर गोलियां चलाईं, जिससे वह और उनका सहयोगी घायल हो गए।
विधायक ने कहा, मुझे कोई पछतावा नहीं
गणपत गायकवाड़ ने एक समाचार चैनल से कहा, हां, मैंने खुद उन्हें गोली मारी। मुझे कोई पछतावा नहीं है। अगर मेरे बेटे को पुलिस थाने के अंदर पुलिस के सामने पीटा जा रहा है, तो मैं क्या करूंगा। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पांच गोलियां चलाईं। भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र में अपराधियों का साम्राज्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा और शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अगर एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री हैं तो महाराष्ट्र में केवल अपराधी पैदा होंगे। आज उन्होंने मुझ जैसे भले आदमी को अपराधी बना दिया। पुलिस ने गणपत गायकवाड़ के अलावा दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है।
विपक्ष ने बोला हमला
इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यह गोलीबारी पुलिस स्टेशन के अंदर हुई है। जिसने गोली चलाई वह बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ है और जिस पर गोली चलाई गई वह शिव सेना शिंदे गुट के नेता महेश गायकवाड़। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस विधायक को लोगों ने कल्याण के काम करने के लिए चुनाव, वह लोगों को गोली मार रहा है। 3-इंजन सरकार में दो दलों के नेता लड़ रहे हैं और एक-दूसरे को मारने की कोशिश कर रहे हैं।