डिंडोरी. Accident: मध्य प्रदेश के डिंडौरी में भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है और 21 लोग घायल हो गए हैं। शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सामने आ रहा है कि ये लोग सामाजिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने अमाही देवरी गांव से मसूरघुघरी थाना इलाके में गए थे। हादसे की वजह पिकअप गाड़ी का ब्रेक फैल होना बताया जा रहा है। जिसके बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर 20 फीट नीचे खेत में पलट गई।
क्या जानकारी है?
जानकारी सामने आ रही है कि पिकअप गाड़ी का ब्रेक फेल होने के बाद गाड़ी खेत में पलट गई और किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला। मरने वाले लोगों में 9 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल हैं और 21 लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। इनमें 9 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल हैं। कुछ घायलों को जबलपुर रेफर किया गया था। समाचार एजेंसी एएनआई ने रिपोर्ट किया है कि एक यात्री की मौत इलाज के लिए जबलपुर ले जाने के दौरान हुई है। डिंडौरी के कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि घायलों का इलाज जारी है। न्यूज़ 18 के मुताबिक घायलों में–मदनसिंह (पिता बाबू लाल आर्मो, 45 वर्ष, निवासी अम्हाइ देवरी), पीतम (पिता गोविंद बरकड़े 16 वर्ष निवासी पोंडी माल), पुन्नू लाल (पिता राम लाल 55 वर्ष अम्हाइ देवरी), महदी बाई (पति विश्राम 35 वर्ष सजानिया जिला उमरिया), सेम बाई (पति रमेश 40 वर्ष अम्हाइ देवरी), लालसिंह (पिता भानु 55 वर्ष अम्हाइ देवरी), मुलिया (पति ढोली 60 वर्ष अम्हाइ देवरी), तितरी बाई (पति कृपाल 50 वर्ष निवासी धमनी जिला उमरिया), सावित्री (पति नानसाय 55 वर्ष पोंडी जिला उमरिया), सरजू (पिता धनुआ 45 वर्ष अम्हाइ देवरी), सम्हर (पिता फगुआ 55 वर्ष पोंडी), महासिंह (पिता सुखलाल 72 वर्ष पोंडी), लालसिंह (पिता नानसाय 27 वर्ष पोंडी) किरपाल (पिता सुकाली 45 वर्ष अम्हाइ देवरी- रेफर के दौरान मृत्यु) शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने किया सहायता का ऐलान
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी घटना पर बयान दिया है। सीएमओ की ओर से एक्स पर पोस्ट किया गया है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिंडोरी जिले में हुई वाहन दुर्घटना में कई अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। एक्स पर लिखा गया, “उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति व परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि घटना में हताहत लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री भी मौके पर पहुंच रही हैं।