
राजस्थान के अलवर जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे एवं कांग्रेस नेता मानवेंद्र सिंह जसोल की कार हादसे का शिकार हो गई है। इस सड़क हादसे में कांग्रेस नेता मानवेंद्र सिंह जसोल (Congress leader Manvendra Singh Jasol) की पत्नी चित्रा सिंह का निधन हो गया है। हादसे में मानवेंद्र सिंह भी घायल हुए हैं जबकि उनके बेटे को भी गंभीर चोट आई है। तीन अन्य भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मानवेंद्र सिंह जसोल अपने परिवार के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से होकर गुजर रहे थे। उनकी कार जब अलवर जिले के खुसपुरी गांव के समीप पहुंची तब अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि हादसे में मानवेंद्र सिंह जसोल की पत्नी चित्रा सिंह की मौत हो गई जबकि उनका पुत्र बुरी तरह जख्मी हो गया। मानवेंद्र सिंह के बेटे हमीर सिंह के हाथ और नाक में फ्रैक्चर आया है।

यह हादसा मंगलवार शाम 5 बजे अलवर के नौगांवा के पास खुसपुरी (हरियाणा बॉर्डर) पर हुआ। हादसे में मानवेंद्र सिंह, उनका बेटा हमीर सिंह और ड्राइवर घायल हो गए हैं। सभी घायलों को अलवर के सोलंकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मानवेंद्र सिंह की पसलियों में चोट आई है। बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह बेटे मानवेंद्र सिंह लंबे समय तक भाजपा में थे। साल 2018 में वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
अलवर जिले की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, हादसा कैसे हुआ इसकी छानबीन की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार मेन लेन से उतर कर कच्ची सड़क के किनारे लगाए गए डिवाइइर से टकरा गई है। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जाती है। मानवेंद्र सिंह पहले सेना में थे। वह कर्नल पद पर रह चुके हैं। उन्होंने बाद में सियासत में कदम रखा। उन्होंने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए बाड़मेर-जैसलमेर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था।

कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई
अलवर जिले के एएसपी तेजपाल सिंह ने जानकारी दी कि हादसे किस वजह से हुआ है, फिलहाल स्पष्ट वजह नहीं पता चल सकी है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कार मेन लेन से उतर कर कच्ची सड़क के साइड में स्थित डिवाइइर से टकरा गई। इसके बाद कार में सवार सभी लोग घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया।
हॉस्पिटल में जुटी लोगों की भीड़
सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए मानवेंद्र सिंह जसोल, उनके बेटे हमीर सिंह और ड्राइवर को अलवर के सोलंकी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। जहां अधिकारियों के साथ-साथ कांग्रेस के नेता भी मौजूद हैं। इस दौरान मानवेंद्र सिंह जसोल से मिलकर बाहर आए एक नेता ने कहा कि मानवेंद्र सिंह की स्थिति ठीक है। वो अब होश में हैं। उनसे बातचीत भी की है। उनकी पत्नी की मौत हो गई।