भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार को असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान किया।
आयोग के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान कराया जाएगा। इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव की घोषणा के साथ लागू हुई आचार संहिता
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही पांचों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव आयोग ने प्रशासनिक मशीनरी को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

तैयारियों की समीक्षा के बाद लिया गया फैसला
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि आयोग ने हाल के दिनों में सभी चुनावी राज्यों का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान राजनीतिक दलों, अधिकारियों और मतदाताओं से बातचीत की गई।
आयोग की टीम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, राज्य निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस महानिदेशकों से भी विस्तृत चर्चा की।
युवाओं और पहली बार वोट देने वालों से संवाद
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि आयोग ने युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से भी संवाद किया। साथ ही चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) के काम की भी सराहना की गई।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मताधिकार का उपयोग गर्व और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा अधिकार है और हर नागरिक को इसका उपयोग करना चाहिए।
17.4 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
चुनाव आयोग के अनुसार इन पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में कुल 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह संख्या ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका, जर्मनी और कनाडा जैसे कई देशों की कुल आबादी के बराबर है।
824 सीटों पर होगा मतदान
आयोग के अनुसार इन चुनावों में कुल 824 विधानसभा सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इसके लिए 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए करीब 25 लाख चुनाव अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि चुनाव के दौरान करीब 8.50 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में हो सके।
राज्यों में मतदाताओं की संख्या
आयोग के अनुसार पश्चिम बंगाल में करीब 6.44 करोड़ मतदाता हैं, जबकि असम में लगभग 2.5 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे।
विशेष व्यवस्थाएं भी की गईं
चुनाव आयोग ने बताया कि कई स्थानों पर पिंक बूथ बनाए जाएंगे, जहां पूरी व्यवस्था महिला कर्मियों द्वारा संभाली जाएगी। इसके अलावा मतदान के बाद तुरंत मतदान प्रतिशत की जानकारी जारी की जाएगी।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी और मतदाताओं को अपने फोन मतदान केंद्र के बाहर ही रखने होंगे।



