अयोध्या। ईरान–इजरायल तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय हालातों का असर अयोध्या में एलपीजी गैस की आपूर्ति पर भी देखने को मिला है। गैस की कमी के कारण स्थानीय मठ-मंदिरों की सामूहिक रसोइयां और प्रसाद निर्माण प्रभावित हो गए हैं। अमावा मंदिर प्रशासन ने गैस उपलब्ध न होने के कारण प्रतिदिन करीब 10 हजार श्रद्धालुओं को भोजन कराने वाली ‘श्रीराम रसोई’ को फिलहाल स्थगित कर दिया है।
राम रसोई के बाहर लगाया गया नोटिस
मंदिर परिसर में स्थित ‘श्रीराम रसोई’ के बाहर प्रशासन ने सूचना चस्पा कर दी है। मंदिर के मैनेजर पंकज कुमार के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण देश में गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसके चलते रसोई को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि गैस की आपूर्ति सामान्य होने के बाद ही यह सेवा दोबारा शुरू की जा सकेगी। इससे दूर-दराज से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को मिलने वाला निःशुल्क भोजन फिलहाल बंद हो गया है।
हनुमानगढ़ी के लड्डू प्रसाद पर भी संकट
इस गैस संकट की आंच हनुमानगढ़ी मंदिर तक भी पहुंच गई है। प्रसाद विक्रेता नंद कुमार गुप्ता ने बताया कि गैस न मिलने से लड्डू बनाने का काम लगभग ठप हो गया है और फिलहाल केवल पुराना स्टॉक ही बेचा जा रहा है। यहां करीब 150 दुकानदार रोजाना 30 से 40 किलो लड्डू तैयार करते हैं, लेकिन गैस की कमी से बजरंगबली के भोग की व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।
पर्यटन और कारोबार पर भी असर
एलपीजी किल्लत का असर अयोध्या के होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी पड़ा है। रेस्टोरेंट संचालक अमित के अनुसार, पिछले दो दिनों से गैस सिलेंडर मिलना मुश्किल हो गया है, जिससे घरेलू और व्यावसायिक दोनों प्रकार की बुकिंग प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय व्यापारियों और संतों का कहना है कि यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो लागत बढ़ने के साथ-साथ पर्यटकों को भोजन के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


