बालोतरा। जिले के सरवड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि बस का अगला हिस्सा चकनाचूर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद जोरदार थी, जिससे बस के ड्राइवर साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस के अंदर और स्लीपर सीटों पर फंसे यात्रियों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ शव स्लीपर बर्थ से लटके हुए दिखाई दिए, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

हाईवे पर अफरा-तफरी, लंबा जाम
दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
घायलों को एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और ट्रेलर चालक से पूछताछ की जा रही है।
ओवरटेक के दौरान हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा ओवरटेक के दौरान हुआ, जिससे बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


