राजस्थान को मिला नया मुख्यमंत्री
राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया। भाजपा आलाकमान ने सांगानेर से विधायक और प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा को राज्य का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया। इस निर्णय के साथ ही मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बाद राजस्थान में भी सीएम का चुनाव हो गया। मुख्यमंत्री पद की रेस में कई दिग्गज नेताओं के नाम थे, लेकिन अंततः पार्टी ने भजनलाल शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी।
भजनलाल शर्मा का जीवन परिचय
भजनलाल शर्मा, 55 वर्ष, पिता श्री किसन स्वरूप शर्मा, पेशा कृषि एवं खनिज सप्लाई (निजी व्यवसाय), शैक्षणिक योग्यता एम.ए. राजनीति विज्ञान।
भजनलाल शर्मा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव अटारी, तहसील नदबई से प्राप्त की। इसके बाद नदबई में माध्यमिक शिक्षा के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े। उन्होंने एबीवीपी में इकाई अध्यक्ष नदबई, इकाई प्रमुख नदबई, सहजिला संयोजक भरतपुर, कॉलेज इकाई प्रमुख भरतपुर और सहजिला प्रमुख भरतपुर जैसे पदों पर जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने 1990 में कश्मीर मार्च में सक्रिय भागीदारी की और 1992 में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान जेल गए।
राजनीतिक करियर
भजनलाल शर्मा का राजनीतिक करियर लगातार प्रगति करता रहा। 27 वर्ष की उम्र में सरपंच बने (2000-2005) ग्राम पंचायत अटारी। पंचायत समिति सदस्य (2010-2015) पंचायत समिति अटारी बछामदी। मण्डल अध्यक्ष भाजयुमो नदबई। जिला मंत्री, जिला महामंत्री और तीन बार जिलाध्यक्ष भाजयुमो।जिला मंत्री एवं जिला महामंत्री भारतीय जनता पार्टी, भरतपुर। जिलाध्यक्ष भाजपा भरतपुर (2009-2014)। प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा राजस्थान (2014-2016)। प्रदेश महामंत्री भाजपा राजस्थान (2016 से वर्तमान)।
चुनावी जीत और नया पद
भजनलाल शर्मा ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेंद्र भारद्वाज को 48,081 वोटों के अंतर से हराया। उन्हें संगठन और संघ दोनों का करीबी माना जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। भजनलाल शर्मा के नए मुख्यमंत्री बनने के बाद अब राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है।