मथुरा : मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच देश में गैस की किल्लत की स्थिति को लेकर कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर का बयान सामने आया है। उन्होंने एलपीजी को लेकर गहराते संकट के बीच चूल्हे पर बने खाने के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि यदि यह स्थिति जारी रही तो लोग फिर से पुराने समय की ओर लौट सकते हैं।
चूल्हे पर खाना बनाने के फायदे बताए
एलपीजी को लेकर देवकीनंदन ठाकुर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने अनुयायियों को चूल्हे की रोटी के फायदे बताते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी हो रही है और यदि यह स्थिति दो-तीन साल तक बनी रही तो लोग फिर से चूल्हे पर रोटी बनाने लगेंगे।
गैस की रोटी को लेकर कही यह बात
उन्होंने कहा कि पहले चूल्हे की रोटी से जीवन बेहतर होता था, हालांकि धुआं एक समस्या थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गैस पर बनी रोटी से बीमारियां होने की बात भी कही और लोगों को डॉक्टर से जांच कराने का सुझाव दिया।
प्रकृति और संसाधनों पर टिप्पणी
देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि चूल्हे की रोटी में कोई दुर्गुण नहीं होता, जबकि गैस की रोटी में दुर्गुण आ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि गैस के भंडार प्रभावित होते हैं तो भविष्य में अन्य संसाधनों की मांग बढ़ सकती है।
गाय और कंडों को लेकर बयान
उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोग गाय को घर से दूर कर देते हैं, लेकिन भविष्य में गोबर के कंडों की आवश्यकता बढ़ सकती है। उन्होंने इस संदर्भ में प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग का उल्लेख किया।
ईरान-इजराइल तनाव के बीच बयान
यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब ईरान-इजराइल के बीच तनाव की स्थिति के बीच देश में गैस की उपलब्धता को लेकर चर्चा जारी है।


