
दी कर्नाटक जाट समाज ट्रस्ट बिन्नी मिल का सफल आयोजन
बेंगलुरु: दी कर्नाटक जाट समाज ट्रस्ट द्वारा श्री नीलकंठ महादेव मंदिर बिन्नी मिल में 13वीं वर्षगांठ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रविवार सुबह पंडित राजेंद्र प्रसाद ने ब्रह्म मुहूर्त में सभी देवी-देवताओं की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना से की। इसके बाद हवन कुंड में हवन की बोली लेने वाले लाभार्थियों ने आहुतियां दीं। फिर अपने आराध्य देव भगवान भोलेनाथ की महाआरती की गई।
वरघोड़े में दिखी पारंपरिक वेशभूषा की झलक
सुबह 8:00 बजे वरघोड़ा यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाएं, बच्चे एवं पुरुष राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। यह यात्रा श्री नीलकंठ महादेव मंदिर से निकलकर कॉटनपेट, अक्कीपेट, श्री बाबा रामदेवजी मंदिर, पुलिस रोड सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस मंदिर परिसर में पहुंची, जहां पंडित राजेंद्र प्रसाद ने विधिवत पूजन किया।

गैर मंडल ने किया नृत्य
गैर मंडल ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में रंग-बिरंगी छतरियों एवं कलर पेपर से सजे डांडियों के साथ गैर नृत्य प्रस्तुत किया। गैरियों ने चंग की थाप पर पैरों में घुंघरू बांधकर नृत्य किया, जबकि डीजे पर युवाओं, बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने भी शिवजी और तेजाजी के भजनों पर झूमकर आनंद लिया।
मंदिर शिखर पर किया ध्वजारोहण
मंदिर शिखर पर लाभार्थी धर्माराम, पप्पाराम कड़वासरा परिवार की ओर से ध्वजारोहण किया गया, इस दौरान पुष्प और गुलाल की वर्षा की गई।
मेहमानों का हुआ आदर-सत्कार
कार्यक्रम में अध्यक्ष गणपतलाल आकोदिया, सचिव रतनलाल भांभु और कोषाध्यक्ष धनराज सारण ने बाहर से आए विश्व प्रसिद्ध अग्नि नृत्य कलाकार संत श्री पूरननाथजी महाराज एवं अन्य मेहमानों का स्वागत और आदर-सत्कार किया। वार्षिक सम्मेलन में सामाजिक विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष धनराज सारण ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया।

समाज के नए भूखंड पर हुआ महाप्रसादी का आयोजन
तावरेकेरे में स्थित जट्टीपालिया में समाज के नए भूखंड पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां गैर मंडल ने पारंपरिक अंदाज में नृत्य प्रस्तुत किया। महिलाओं और बच्चों ने ढोल की थाप पर भरपूर नृत्य किया। इसके बाद महाप्रसादी का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर दी कर्नाटक जाट समाज ट्रस्ट के अध्यक्ष गणपतलाल आकोदिया, सचिव रतनलाल भांभु, कोषाध्यक्ष धनराज, सहकोषाध्यक्ष जगदीश सारण, उपाध्यक्ष कालूराम भाना एवं दयाराम कलवानिया, सहसचिव संपत पुनिया, सलाहकार दिनेश बेरवाल, नौरतमल लुमरोड, तेजाराम गोदारा, खेल मंत्री तुलछाराम जानी, गोविंद, नरेंद्र, गैर मंडल सचिव पुनाराम बेनीवाल, गैर मंत्री माणक, पूर्व अध्यक्ष धर्माराम कड़वासरा, भंवरलाल मायला, पूर्व सचिव सोहनलाल पुनिया, मुकेश जाखड़, भंवरलाल पिचकिया, छोटूराम कुड़िया, गोदाराम पुनिया, शेषाराम पुनिया, रामलाल गोदारा, गणेश भांभु, बाबूलाल भांभु, मोहनलाल चांगल, महेंद्र छाबा, मूलाराम लुमरोड, चंदाराम धतरवाल, मुकेश सारण, ताजाराम, नारायण कासनियां, चेनाराम कासनियां, सत्यनारायण मुदलिया, बुधाराम बेरवाल, भंवरलाल सारण एवं श्रवण सेवर आदि मौजूद रहे।