ICC Men’s T20 World Cup 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। भारतीय टीम लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई। मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जहां न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन बनाए, जबकि न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारतीय बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन
भारत की ओर से संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।

इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे इशान किशन ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 54 रन बनाए। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए।
अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेलकर टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। भारतीय पारी में कुल 17 छक्के और 19 चौके लगे।
न्यूजीलैंड की पारी 159 रन पर सिमटी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिन एलन के रूप में टीम को पहला झटका 31 रन पर लगा। इसके बाद रचिन रविंद्र भी जल्दी आउट हो गए।
सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन की पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से ज्यादा समर्थन नहीं मिला। ग्लेन फिलिप्स 5 और मार्क चैपमैन 3 रन बनाकर आउट हो गए। पूरी न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।
भारत की प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन
टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी।


