बालोतरा : राजस्थान के बालोतरा जिले में स्थित पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब अगले दिन 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रिफाइनरी का उद्घाटन प्रस्तावित था।
प्रोसेसिंग यूनिट में लगी आग
शुरुआती जानकारी के अनुसार आग रिफाइनरी की एक प्रोसेसिंग यूनिट में लगी। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। तकनीकी टीम और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं।
दूर तक दिखाई दिया धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग काफी तेज थी और उसका घना धुआं करीब एक किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार उठने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
20 से ज्यादा दमकल गाड़ियां पहुंचीं
आग लगने की सूचना मिलते ही 20 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। साथ ही आग को अन्य यूनिट्स तक फैलने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
उद्घाटन कार्यक्रम पर असर की आशंका
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे रिफाइनरी का उद्घाटन होना था। आग लगने की घटना के बाद कार्यक्रम पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल अधिकारियों की प्राथमिकता आग पर काबू पाना और स्थिति सामान्य करना है।
प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए
घटना के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।


