राष्ट्रपति मुर्मू के हेलीकॉप्टर के पहिये कंक्रीट के नवनिर्मित हेलीपैड पर फंसे

0
3
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हेलीकॉप्टर केरल के हैलीपैड पर फंसा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हेलीकॉप्टर केरल के हैलीपैड पर फंसा

📍 केरल : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई है। राष्ट्रपति को सबरीमाला यात्रा पर लेकर जा रहा हेलीकॉप्टर बुधवार को केरल के एक लैंडिंग पैड पर फंस गया। दरअसल हेलीकॉप्टर की लैंडिंग प्रमदम के राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में नए कंक्रीट से बने हैलीपैड पर हो रही थी, उसी दौरान उसका एक हिस्सा धंस गया। पुलिसकर्मियों और फायर ब्रिगेड की मदद से हेलीकॉप्टर को बाहर निकाला गया।

राष्ट्रपति मुर्मू की यात्रा और हेलीकॉप्टर की लैंडिंग

राष्ट्रपति मुर्मू सबरीमाला जाने के लिए केरल पहुंची थीं। हेलीकॉप्टर के हेलीपैड पर उतरने के बाद उनका काफिला सड़क मार्ग से पंबा के लिए रवाना हुआ। राष्ट्रपति के वहां से रवाना होने के बाद कई पुलिसकर्मी और फायर ब्रिगेड के जवान हेलीकॉप्टर के पहियों को हैलीपैड के गड्ढों से बाहर निकालते दिखे।

रात को बना हैलीपैड, दिन में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग

एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए प्रमदम को अंतिम समय में तय किया गया था। मंगलवार देर रात ही वहां हेलीपैड बनाया गया था, इसलिए वह ठीक से सूख नहीं पाया था। पहले हेलीकॉप्टर की लैंडिंग पंबा के पास निलक्कल में होनी थी, लेकिन खराब मौसम के कारण जगह बदलकर प्रमदम कर दी गई।

कंक्रीट पूरी तरह से जमा नहीं होने के कारण धंस गया

अधिकारी ने बताया कि कंक्रीट पूरी तरह से जम नहीं पाया था, इसलिए लैंडिंग के समय वह हेलीकॉप्टर का वजन संभाल नहीं पाया। पहियों का दबाव जहां भी पड़ा वहां गड्ढे बन गए। राष्ट्रपति मुर्मू चार की आधिकारिक यात्रा पर मंगलवार शाम को तिरुवनंतपुरम पहुंचीं थीं। आज वह सबरीमाला के लिए रवाना हुईं।

राष्ट्रपति मुर्मू सबरीमाला मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं

राष्ट्रपति मुर्मू बुधवार को सबरीमाला मंदिर में भगवान अयप्पा के दर्शन करने पहुंचीं। वह पूजा-अर्चना करने वाली पहली महिला राष्ट्रपति हैं। वहीं पूर्व राष्ट्रपति वी.वी. गिरि के बाद यह दूसरी राष्ट्रपति हैं, जिन्होंने इस मंदिर में दर्शन किए। वी.वी. गिरि 1970 के दशक में दर्शन करने गए थे।

सबरीमाला मंदिर में दर्शन के बाद, राष्ट्रपति मुर्मू शाम को तिरुवनंतपुरम वापस लौटेंगी। इसके बाद वह राजभवन में पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here