जयपुर: राजस्थान की वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। 21 लाख 52 हजार 100 करोड़ रुपये का यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 41.39 प्रतिशत अधिक है। करीब तीन घंटे तक चले बजट भाषण में किसान, महिला, युवा, कर्मचारी और स्कूली विद्यार्थियों के लिए कई घोषणाएं की गईं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट पेश होने के बाद वित्त मंत्री का अभिनंदन किया।
किसान और कृषि पर विशेष फोकस
बीसलपुर की दायीं मुख्य नहर से जुड़े 5,000 हेक्टेयर क्षेत्र में स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली विकसित की जाएगी, जिस पर 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अगले वर्ष 50 हजार सोलर पंप लगाने के लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

कृषि यंत्रों की खरीद पर 160 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा। 8,000 डिग्गियों और 36 हजार नए फार्म पोंड बनाए जाएंगे, जिससे 80 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। 50 हजार किसानों को तारबंदी के लिए 288 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा।
35 लाख किसानों को 25 हजार करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त फसली ऋण मिलेगा, जिस पर 800 करोड़ रुपये ब्याज अनुदान दिया जाएगा। सहकारी बैंकों के दीर्घकालीन कृषि ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी दिया जाएगा। पशुपालकों को दूध बोनस के लिए 700 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
डिजिटल गवर्नेंस और सुशासन
25 हजार महिलाओं और युवाओं को मिनी ई-मित्र के रूप में अधिकृत किया जाएगा। नई आईटी पॉलिसी लाई जाएगी और 10 करोड़ रुपये की लागत से सीएम प्रमाण सेंटर स्थापित होगा। ‘मरुधरा राज भूमि डिजिटल एड्रेस’ सिस्टम विकसित किया जाएगा।
ग्रामीण विकास के तहत 3,467 नई ग्राम पंचायतों में 3,000 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य होंगे। ग्रामदानी गांवों के किसानों को खातेदारी अधिकार दिए जाएंगे।
महिला सशक्तिकरण और पोषण योजनाएं
मुख्यमंत्री लखपति दीदी योजना में ऋण सीमा 1 लाख से बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये की गई है। महिला स्वयं सहायता समूहों को 1 करोड़ रुपये तक ऋण मिलेगा। 50 करोड़ रुपये की लागत से नए महिला पुनर्वास केंद्र खोले जाएंगे।
आंगनबाड़ियों की मरम्मत पर 275 करोड़ रुपये और 700 से अधिक आंगनबाड़ियों को नंद घर में बदलने के लिए 225 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। 17 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों पर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार
‘राज सुरक्षा’ योजना के तहत गंभीर मरीजों और एक्सीडेंट मामलों में त्वरित इलाज की व्यवस्था की जाएगी। हाईवे पर एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। एसएमएस अस्पताल में नया मानसिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पतालों में मेंटल हेल्थ केयर सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
जेके लोन अस्पताल में 75 करोड़ रुपये की लागत से आईसीयू टावर बनाया जाएगा। अस्पतालों में 300 करोड़ रुपये के फायर सेफ्टी उपकरण लगाए जाएंगे।
शिक्षा क्षेत्र के लिए प्रावधान
सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को खेल किट और जादुई पिटारा उपलब्ध कराया जाएगा। कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को 20 हजार रुपये तक का ई-वाउचर दिया जाएगा।
कक्षा 1 से 8 तक के 40 लाख छात्रों को मुफ्त यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 2,500 से अधिक स्कूलों के स्मार्ट उन्नयन पर 500 करोड़ रुपये और जर्जर भवनों के निर्माण पर 450 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विपक्ष की प्रतिक्रिया
सचिन पायलट ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य का वित्तीय घाटा और कर्ज बढ़ रहा है तथा सरकार को अतिरिक्त कर्ज लेना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि बजट में घोषणाएं अधिक हैं, लेकिन क्रियान्वयन पर सवाल हैं।

तीन घंटे चला बजट भाषण
दिया कुमारी ने सुबह 11 बजे बजट भाषण शुरू किया, जो दोपहर लगभग 2 बजे समाप्त हुआ। यह उनके कार्यकाल का तीसरा बजट था।


