नई दिल्ली: एक बार फिर धरती हिली है। रूस के कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार को शक्तिशाली भूकंप से हड़कंप मच गया। इसकी तीव्रता 8.8 मापी गई। भूकंप के बाद कई इलाकों में सुनामी की दस्तक से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। एक-दो नहीं बल्कि पांच देशों में सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है। रूस में भूकंप के बाद जापान और अमेरिका भी अलर्ट मोड पर हैं। लोगों को तटीय इलाकों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। भूकंप के बाद सामने आए वीडियो में समुद्र के किनारे डूबी हुई इमारतें और पानी का तेज बहाव नजर आया।
कामचटका में समुद्र के किनारे उठीं 13 फीट ऊंची लहरें
रूस के पूर्वी हिस्से कामचटका प्रायद्वीप में आए इस भूकंप के बाद समुद्र में 4 मीटर (करीब 13 फीट) ऊंची लहरें उठीं। इस क्षेत्र में मौजूद इमारतों को खाली कराया जा रहा है। प्रशांत महासागर से सटे अमेरिका, जापान और अन्य देशों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है।
कैलिफोर्निया, इक्वाडोर, जापान समेत कई देशों को खतरा
रूस के कामचटका इलाके में 3-4 मीटर ऊंची लहरें रिकॉर्ड की गईं। रूस के रीजनल इमरजेंसी मंत्री लेबेदेव के अनुसार, तटवर्ती क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में तीन फीट तक ऊंची लहरों की चेतावनी दी गई है। यूएस सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने इक्वाडोर में भी तीन मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई है।

जापान में 16 जगहों पर सुनामी दर्ज
जापान के इशिनोमाकी पोर्ट पर 50 सेंटीमीटर ऊंची समुद्री लहरें देखी गईं। मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार जापान के तटीय इलाकों में 1 मीटर तक ऊंची लहरें आ सकती हैं। प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने इमरजेंसी समिति का गठन कर तात्कालिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आसपास के अन्य देशों में भी प्रभाव
इंडिया टुडे के अनुसार चूक, कोसरे, मार्शल आईलैंड्स, पलाऊ, फिलीपीन्स, साउथ कोरिया, नॉर्थ कोरिया और ताइवान जैसे देशों में भी समुद्री लहरें उठने की संभावना है।
रूस में झटकों का सिलसिला जारी
8.8 तीव्रता के भूकंप के बाद, पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 147 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 6.9 तीव्रता का एक और झटका दर्ज किया गया। झटका समुद्र में 10 किलोमीटर गहराई में आया। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एक किंडरगार्टन भवन क्षतिग्रस्त हुआ है।

सेवेरो-कुरिल्स्क से लोगों को निकाला गया
कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने कहा कि यह भूकंप दशकों में सबसे शक्तिशाली रहा। भूकंप और सुनामी की आशंका को देखते हुए सखालिन क्षेत्र के सेवेरो-कुरिल्स्क शहर से लोगों को निकाला जा रहा है। इमरजेंसी टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हैं।