श्री आई माताजी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को निमंत्रण

0
15
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को निमंत्रण देते सीरवी समाज का प्रतिनिधिमंडल
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को निमंत्रण देते सीरवी समाज का प्रतिनिधिमंडल

जयपुर | मारवाड़ जंक्शन के गादाणा गाँव में नवनिर्मित श्री आई माताजी वडेर मंदिर के आगामी भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में सीरवी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से जयपुर में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में पधारने हेतु भावभीना निमंत्रण पत्र सौंपा।

यह मुलाकात मारवाड़ जंक्शन के विधायक केसाराम चौधरी के नेतृत्व में संपन्न हुई। मुख्यमंत्री ने समाज के उत्साह और भक्ति भाव की सराहना करते हुए निमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया तथा महोत्सव की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी को भी दिया गया आमंत्रण

इसी कड़ी में सीरवी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से भी जयपुर में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें इस पावन उत्सव में सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया। उपमुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल पदाधिकारी

विधायक केसाराम चौधरी के साथ सीरवी सेवा संस्थान के पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें हेमन्त चौधरी (अध्यक्ष), खरताराम आगलेषा (सचिव), ताराराम पंवार (उपाध्यक्ष) तथा नारायणलाल सींदड़ा (सह सचिव) शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने समाज की ओर से महोत्सव की रूपरेखा एवं तैयारियों की जानकारी भी दी।

स्थापत्य कला और आस्था का केंद्र बना गादाणा मंदिर

गादाणा में निर्मित श्री आई माताजी का यह भव्य मंदिर अपनी नक्काशीदार स्थापत्य कला और विशाल संरचना के कारण आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में राजस्थान सहित देशभर से सीरवी समाज के प्रवासी बंधुओं और श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में जुटने की संभावना है।

ऐतिहासिक आयोजन बनेगा आध्यात्मिक समागम

समाज के वरिष्ठ जनों के अनुसार गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति इस आध्यात्मिक आयोजन को और अधिक गौरवमयी बनाएगी। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह महोत्सव समाज की एकता, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनेगा।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here