भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप के वायरल वीडियो मामले में नया मोड़, महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट

0
9

गोंडा (उत्तर प्रदेश) : भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप उर्फ बमबम का वायरल वीडियो अब नया मोड़ ले चुका है। रविवार को वायरल हुए इस वीडियो के संबंध में जिले की एक महिला ने छपिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने तहरीर में आरोप लगाया है कि वीडियो में वही है और उसे गलत तरीके से राजनीतिक द्वेषवश वायरल किया गया है।

महिला ने कहा कि वीडियो को वायरल कर न सिर्फ उसे बल्कि भाजपा जिलाध्यक्ष को भी बदनाम किया गया है। उन्होंने बताया कि अमर किशोर कश्यप उनके लिए बड़े जैसे हैं और इस तरह की घटनाएं उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली हैं।

छपिया थानाध्यक्ष संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

क्या है वायरल वीडियो में?

रविवार को दो सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। पहली फुटेज में भाजपा कार्यालय में एक चार पहिया वाहन आता दिख रहा है जिसमें से अमर किशोर कश्यप उतरते हैं। कुछ देर बाद उसी वाहन से एक महिला उतरती है और जिलाध्यक्ष उसे अंदर आने का इशारा करते हैं। दूसरी फुटेज में जिलाध्यक्ष सीढ़ियों के पास उस महिला को गले लगाते दिख रहे हैं।

हालांकि हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने दी सफाई

भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने सफाई देते हुए कहा कि महिला पार्टी की सक्रिय सदस्य हैं और उन्हें चक्कर आ गया था, इसलिए सहारा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक दुर्भावनावश वीडियो को गलत तरीके से वायरल कर रहे हैं।

प्रदेश नेतृत्व ने मांगा स्पष्टीकरण

भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को नोटिस जारी किया है। नोटिस में सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि इस आचरण से पार्टी की छवि पर प्रतिकूल असर पड़ा है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here