उदयपुर में किराएदार युवक की चाकू मारकर हत्या, पत्नी घायल

0
37
उदयपुर में पुलिस हत्या स्थल की जांच करती हुई
उदयपुर में पुलिस हत्या स्थल की जांच करती हुई

उदयपुर: सूरजपोल थाना क्षेत्र के अस्थल मंदिर इलाके में शुक्रवार शाम बंसल मेडिकल स्टोर के पास किराएदार दंपत्ति पर मकान मालिक ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में किराएदार नरपत सिंह की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी काली बाई घायल हो गई। आरोपी मकान मालिक दिनेश बंसल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

लाइट कनेक्शन को लेकर बढ़ा विवाद

थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि मृतक नरपत सिंह (30) पुत्र अमर सिंह मूल रूप से सायरा के जोरमा गांव का निवासी था और उदयपुर में मजदूरी करता था। एक-दो महीने पहले वह पत्नी काली बाई के साथ दिनेश बंसल का मकान किराए पर लेकर रह रहा था।

दिनेश बंसल अक्सर नरपत सिंह से किसी न किसी बात पर झगड़ा करता था। तीन दिन पहले उसने लाइट बिल के विवाद में नरपत सिंह के घर का लाइट कनेक्शन काट दिया था। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन आज फिर विवाद बढ़ा और दिनेश बंसल ने चाकू से नरपत सिंह पर हमला कर दिया।

हमले में नरपत सिंह के सीने में चाकू लगने से उसका हार्ट पंचर हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई काली बाई पर भी आरोपी ने हमला किया।

पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी छगन पुरोहित और थानाधिकारी रतन सिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी दिनेश बंसल को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल काली बाई को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

आरोपी का पुराना विवादित इतिहास

कुछ महीने पहले भी दिनेश बंसल कलेक्ट्री परिसर में संदिग्ध वस्तु लेकर पहुंच गया था। तब पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here