पहली बार तीनों को टैक्स के दायरे में लाया गया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अब दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए भी टोल टैक्स देना होगा। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर बाइक, ऑटो और ट्रैक्टर पर टोल लगाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। यह राज्य में पहली बार होगा जब इन वाहनों को टोल के दायरे में लाया गया है। यूपीडा (उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण) ने भगवानपुर टोल प्लाजा से पूरे मार्ग पर परीक्षण भी कर लिया है।
₹140 एक तरफ, ₹230 दो तरफ का टोल
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर दोपहिया, तिपहिया और ट्रैक्टर के लिए एक तरफ का टोल ₹140 और दोनों तरफ का ₹230 तय किया गया है। मासिक पास की दर ₹2280 होगी, जिसमें महीने में अधिकतम 20 बार यात्रा की अनुमति दी जाएगी। शुरुआत में इन वाहनों से नकद टोल वसूला जाएगा। कुल नौ टोल बूथों पर यह व्यवस्था लागू होगी।
मुख्यमंत्री के क्षेत्र में नई पहल
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की लंबाई 91.35 किलोमीटर है और इसका उद्घाटन 20 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया था। यह मार्ग गोरखपुर, आंबेडकर नगर, संत कबीर नगर और आजमगढ़ जिलों को जोड़ता है। यूपीडा ने मुख्यमंत्री के क्षेत्र में इस योजना को लागू कर पहले यहां परीक्षण किया है। माना जा रहा है कि विरोध नहीं होने पर इसे अन्य लिंक एक्सप्रेसवे पर भी लागू किया जाएगा।
NHAI ने टोल से इनकार किया
उधर, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने साफ किया है कि वह दोपहिया, तिपहिया और ट्रैक्टर से टोल टैक्स नहीं वसूलेगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी 26 जून को स्पष्ट किया था कि फिलहाल इस तरह का कोई निर्णय प्रस्तावित नहीं है और दोपहिया वाहनों को टोल से छूट मिलती रहेगी।
अन्य एक्सप्रेसवे भी तैयार
उत्तर प्रदेश में दो और लिंक एक्सप्रेसवे – चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे (15.20 किमी) और बलिया लिंक एक्सप्रेसवे (114 किमी) निर्माणाधीन हैं। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर लागू किए गए इस नए प्रयोग को आने वाले समय में इन मार्गों पर भी लागू किया जा सकता है।