खेतेश्वर मंदिर के 21वें स्थापना दिवस पर निकाली गई शोभायात्रा में राजपुरोहित समाज के युवाओं ने रास्ते में सफाई अभियान चलाया। शोभायात्रा के साथ चल रहे ट्रेक्टर में जहां-जहां से यात्रा निकली वहां-वहां से कचरा और प्लास्टिक इकट्ठाकर डाला गया। दोपहर पौने एक बजे इंद्रा कॉलोनी के खेतेश्वर राजपुरोहित अतिथि गृह से रवाना हुई शोभायात्रा करीब आठ किलोमीटर दूर खेतेश्वर बस्ती पहुंची। शोभायात्रा में सजे धजे ऊंट-घोड़ों पर बालकों की अलग अलग झांकियां सजाई गई थी। जो धार्मिक संदेश दे रही थीं।
वहीं शोभायात्रा में शामिल रौबीले घोड़ों पर सवार होकर राजस्थानी वीरता का संदेश दे रहे थे। पुरुष और युवा जहां पंजाबी बैंड पर थिरक रहे थे वहीं महिलाएं गीत जा रही थीं। शोभायात्रा में एक रथ पर आसोतरा के ब्रह्मधाम के पीठाधीश तुलछारामजी महाराज विराजित थे। शोभायात्रा में एक टोली चंग पर धमाल गीत गा रही थी। शोभायात्रा सवा छह घंटे की यात्रा पूरी कर शाम 6 बजे खेतेश्वर बस्ती स्थित खेतेश्वर मंदिर पहुंची। वहीं दूसरी ओर खेतेश्वर महाराज के शोभा यात्रा व 21वें खेतेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर कानासर राजगुरु परिवार द्वारा शोभा यात्रा में पुष्प वर्षा के साथ श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।
इस अवसर पर खेतेश्वर मंदिर के एडवोकेट हनुमान सिंह रासीसर, शोभायात्रा प्रभारी कैलाश बापेऊ, लक्ष्मण सिंह चंपाखेड़ी, हुलास सिंह कल्याणपुर, करणी सिंह सरवड़ी आदि ने मंदिर परिसर में व्यवस्थाएं संभाली। शोभायात्रा में राजपुरोहित युवा विकास मंडल के अध्यक्ष अशोकसिंह सवाई बड़ी, महासचिव यशपालसिंह किशनासर, दिलीपसिंह आड़सर, मोहित सिंह बापेऊ, भैरुसिंह तोलियासर, ओमसिंह चंपाखेड़ी, देवीसिंह डोडू और खेतेश्वर सेवा समिति के अध्यक्ष लक्ष्मणसिंह चंपाखेड़ी आदि ने व्यवस्थाएं संभाली।
रात्रि जागरण में महावीर सिंह ने सुनाए भजन :
संत खेतारामजी राजपुरोहित परमार्थ प्रन्यास के महासचिव हनुमानसिंह राजपुरोहित ने बताया कि शुक्रवार रात को खेतेश्वर मंदिर में जागरण हुआ। इसमें महावीरसिंह हिंयादेसर ने भजन सुनाए। जागरण में देररात तक लोग बैठे रहे।
आज होगा हवन और चढ़ावे की बोलियां लगेंगी : खेतेश्वर मंदिर के अध्यक्ष श्यामसिंह ने बताया कि 16 मार्च को हवन होगा। इसके अलावा मंदिर में चढ़ावे की बोलियां लगेगी। दोपहर बाद मंदिर में प्रसाद होगा।