जयपुर : पचपदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का होने वाला कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। रिफाइनरी में सोमवार को आग लगने के बाद यह निर्णय लिया गया। सभी विभागों को तत्काल सूचना दी जा रही है।
रिफाइनरी की यूनिट में लगी आग
जानकारी के अनुसार पचपदरा रिफाइनरी की एक यूनिट में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद करीब 20 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया।
सीडीयू यूनिट में हादसे की प्रारंभिक सूचना
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार आग क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) में लगी। घटनास्थल से ऊंची लपटें और घना धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद रिफाइनरी की अग्निशमन प्रणाली को सक्रिय कर दिया गया। प्रभावित क्षेत्र में मौजूद कर्मचारियों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
दमकल और आपातकालीन टीम ने संभाला मोर्चा
अधिकारियों के अनुसार आग पर काबू पाने के लिए लगभग 20 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। आपातकालीन प्रतिक्रिया दल और रिफाइनरी कर्मियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं नियंत्रण कार्य किया। बाद में लगातार प्रयासों से स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया।
अशोक गहलोत ने जताई चिंता
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि बालोतरा के पचपदरा में रिफाइनरी में आग लगने की खबर सुनकर चिंता हुई। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी राजस्थान के लिए गर्व की परियोजना है, जिसका उद्घाटन होना था। उन्होंने घटना में सभी की सलामती की प्रार्थना की।
टीकाराम जूली का बयान
विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी में लगी आग गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन से एक दिन पहले हुई यह घटना व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करती है।
आग लगने के कारणों की जांच होगी
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जाएगी। फिलहाल रिफाइनरी क्षेत्र में स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।


