महाराष्ट्र: मुंबई के अटल सेतु को लेकर राजनीति गरमा गई है। मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (एमटीएचएल) यानी अटल सेतु को लेकर सामने आया है कि पुल में दरारें आ गई हैं, जबकि इसका उद्घाटन अभी छह माह पहले ही हुआ था। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने शुक्रवार को अटल ब्रिज का दौरा किया था। पटोले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “यह बेहद चिंताजनक है कि जिस अटल सेतु पुल का उद्घाटन अभी हाल ही में हुआ, उसमें दरार आ गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल 12 जनवरी को समुद्री लिंक – अटल बिहारी वाजपेयी सेवरी-न्हावा शेवा अटल सेतु का उद्घाटन किया था। 17,843 करोड़ रुपये की लागत से बने 21.8 किलोमीटर लंबे इस पुल को मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) के लिए गेम चेंजर और इंजीनियरिंग की एक उपलब्धि के रूप में पेश किया गया था। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने शुक्रवार को प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया और राज्य सरकार पर अपने खजाने को भरने के लिए भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी हैं और लोगों की जान जोखिम में डाल दी है। उन्होंने कहा, ‘पुल का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा गया है और यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार उनके नाम पर भ्रष्टाचार में लिप्त है। पीएम मोदी भ्रष्टाचार के नेता हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भ्रष्ट राजनीतिक नेताओं को ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर अपने साथ शामिल होने के लिए मजबूर करती है।