सीकर में भीषण सड़क हादसा, 6 महिलाओं की मौत

0
127
सीकर जिले में ट्रक और कार की टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त वाहन
सीकर जिले में ट्रक और कार की टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त वाहन

सीकर। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर सदर थाना क्षेत्र में जयपुर–बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरसावा गांव के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक और कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 6 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर में अर्टिगा कार हुई पूरी तरह क्षतिग्रस्त

हादसा इतना भीषण था कि अर्टिगा कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और कार सवार लोग वाहन में ही फंस गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से शवों और घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

घायलों को सीकर रेफर किया गया

सभी घायलों और मृतकों को एंबुलेंस की सहायता से फतेहपुर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सीकर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

लक्ष्मणगढ़ से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार अर्टिगा कार लक्ष्मणगढ़ से फतेहपुर की ओर आ रही थी, जबकि ट्रक फतेहपुर से लक्ष्मणगढ़ की तरफ जा रहा था। हरसावा गांव के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया गया कि कार सवार लोग लक्ष्मणगढ़ में रिश्तेदारी में शोक सभा में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।

हादसे में इन महिलाओं की हुई मौत

हादसे में संतोष पत्नी सत्यनारायण, तुलसी देवी पत्नी ललित, मोहिनी देवी पत्नी महेश कुमार, इंदिरा पुत्री महेश कुमार, आशा पत्नी मुरारी और चंदा पत्नी सुरेंद्र की मौत हो गई। वहीं सोनूदेवी, वसीम और बरखा गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा

हादसे की सूचना मिलने पर सीकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह, फतेहपुर थाना डिप्टी अरविंद कुमार, थाना अधिकारी महेंद्र मीणा सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। फतेहपुर विधायक हाकम अली खान भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here