मां ने शादी से इनकार किया तो बच्चे को उठाकर पटका, डेढ़ साल के मासूम की हत्या

0
39
पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार आरोपी को पकड़कर ले जाते पुलिसकर्मी
पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार आरोपी को पकड़कर ले जाते पुलिसकर्मी

फिरोजाबाद। एकतरफा प्यार की सनक ने एक युवक को इस कदर हैवान बना दिया कि उसने डेढ़ वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के कुछ घंटों के भीतर ही शिकोहाबाद पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टॉफी दिलाने के बहाने ले गया मासूम

शनिवार को यादव कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब डेढ़ वर्षीय आरव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली। जांच में सामने आया कि बदायूं जनपद के शेखूपुर निवासी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक मासूम को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। आरोप है कि उसने बच्चे को कई बार जमीन पर पटककर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया।

जांच में सामने आई हत्या की वजह

पुलिस जांच में पता चला कि आरव की मां रति की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व बदायूं के सियारण नगर निवासी सुनीत के साथ हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते वह इन दिनों अपने मायके पक्ष के संपर्क में थी। आरोप है कि रिश्ते में देवर लगने वाला विराज लंबे समय से रति पर शादी का दबाव बना रहा था। रति द्वारा प्रस्ताव ठुकराने से वह नाराज था और इसी रंजिश में उसने मासूम को निशाना बनाया।

घटना के समय रति अपनी मां पिंकी और बेटे आरव के साथ यादव कॉलोनी में रहने वाली पिंकी की सहेली पुष्पलता पाठक के घर आई हुई थी। पुष्पलता हाल ही में सड़क दुर्घटना में घायल हुई थीं और उनका उपचार चल रहा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और वारदात को अंजाम दे डाला।

मौके पर पहुंची पुलिस, चार टीमों का गठन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चार टीमों का गठन किया गया।

देर शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भूढ़ा भरथरा मोड़, मैनपुरी रोड पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के पास से अवैध तमंचा बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

एसपी सिटी ने क्या कहा

आदित्य लांग्हे के निर्देशन में कार्रवाई की गई। वहीं रविशंकर प्रसाद ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here