जशपुर उपचुनाव में भाजपा का कब्जा, दोनों वार्डों में दर्ज की जीत

0
12
जशपुर नगर पालिका उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत
जशपुर नगर पालिका उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत

जशपुर। नगर पालिका परिषद जशपुर के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने दोनों वार्डों में जीत दर्ज की है। उपचुनाव के परिणामों से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, जबकि कांग्रेस को दोनों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस ने चुनाव प्रचार में अपने वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को मैदान में उतारा था, लेकिन पार्टी जीत हासिल नहीं कर सकी।

वार्ड 14 में प्रिया सिंह की जीत

नगर पालिका परिषद जशपुर के वार्ड क्रमांक 8 और 14 में उपचुनाव के लिए मतदान 3 जून को संपन्न हुआ था। मतगणना गुरुवार को हिन्दी माध्यम आत्मानंद विद्यालय में सुबह 9 बजे शुरू हुई। सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम की मतगणना शुरू होते ही भाजपा प्रत्याशियों ने बढ़त बनानी शुरू कर दी।

वार्ड क्रमांक 14 में भाजपा प्रत्याशी प्रिया सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी प्यारी कुजूर के बीच मुकाबला था। अंतिम परिणाम में प्रिया सिंह को 186 मत प्राप्त हुए, जबकि प्यारी कुजूर को 96 मत मिले। इस प्रकार भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।

वार्ड 8 में प्रेमलता साहू ने हासिल की जीत

वार्ड क्रमांक 8 में भाजपा की प्रेमलता साहू और कांग्रेस की उर्मिला भगत आमने-सामने थीं। इस वार्ड में भी भाजपा ने बढ़त बनाए रखी। प्रेमलता साहू को 381 मत मिले, जबकि उर्मिला भगत को 164 मत प्राप्त हुए। इसके साथ ही प्रेमलता साहू को विजयी घोषित किया गया।

कांग्रेस को लगा राजनीतिक झटका

राजनीतिक दृष्टि से यह परिणाम कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस ने राष्ट्रीय सचिव ज़रिता लैतफलांग और भानूप्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं को प्रचार अभियान में उतारा था। इसके बावजूद पार्टी मतदाताओं का समर्थन हासिल नहीं कर सकी।

भाजपा नेताओं ने जताई खुशी

भाजपा नेताओं ने जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश और जशपुर जिले में हो रहे विकास कार्यों पर जनता ने अपनी स्वीकृति की मुहर लगाई है।

पूर्व सांसद रणविजय सिंह ने कहा कि आने वाले समय में विकास कार्यों की गति और तेज होगी तथा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य किए जाएंगे।

विधायक रायमुनि भगत ने क्या कहा

जशपुर विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि उपचुनाव में मिली जीत यह दर्शाती है कि जनता का भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास कायम है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में किए गए कार्यों का लाभ जनता को मिला है, जिसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई दिया।

कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का जश्न

परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर खुशी जताई। विजयी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने रणविजय स्टेडियम के समीप स्थित दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। जय जूदेव के नारों से परिसर गूंज उठा।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here