हनुमान मंदिर में कैसे हुआ हादसा?
परभणी। महाराष्ट्र के परभणी जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। हनुमान मंदिर के सामने बना सभा मंडप गिरने से कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए। घटना के बाद प्रशासन मौके पर पहुंच गया और मंडप के मलबे में फंसे श्रद्धालुओं को निकालने के लिए युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, परभणी जिले के मानवत तालुका के यशवाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में पूरे महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। शनिवार होने और वीकेंड की छुट्टी के कारण मंदिर परिसर में काफी भीड़ थी। इसी दौरान मंदिर के सामने बना निर्माणाधीन सभा मंडप अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राहत और बचाव अभियान जारी
हादसे के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद थे। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया। कई एंबुलेंस और मेडिकल टीमें मौके पर तैनात की गईं। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
मलबे में फंसे श्रद्धालुओं को निकालने का काम लगातार जारी है। हादसे में घायल हुए लोगों को परभणी जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की ओर से हताहतों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
मेघना बोर्डिकर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
हादसे के बाद मेघना बोर्डिकर ने पूरी घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी है। उन्होंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जरूरी राहत उपकरण और क्रेन तत्काल घटनास्थल पर भेजने को कहा।
वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक राजेश विटेकर समेत जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर बचाव अभियान तेज करने और घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


