झालावाड़: राजस्थान के झालावाड़ स्थित राजकीय जनाना अस्पताल में एक दुर्लभ प्रसव का मामला सामने आया है। यहां एक गर्भवती महिला ने सिजेरियन डिलीवरी के जरिए एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। नवजातों में तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, मां की स्थिति सामान्य है, जबकि कम वजन होने के कारण चारों नवजातों को एनआईसीयू (NICU) में विशेष निगरानी में रखा गया है।
सात साल बाद परिवार में बढ़ी खुशियां
जानकारी के अनुसार, झालावाड़ निवासी अरुण कश्यप (32) और ज्योति कश्यप (25) की शादी सात वर्ष पहले हुई थी। दंपति का पहले से पांच साल का एक बेटा है। 8 जुलाई को ज्योति कश्यप की राजकीय जनाना अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी हुई, जिसमें उन्होंने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया।

पिता बोले- एक बेटी की उम्मीद थी
बच्चों के पिता अरुण कश्यप, जो इसी अस्पताल में कार्यरत हैं, ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने केवल एक बेटी की उम्मीद की थी, लेकिन भगवान ने उन्हें तीन बेटियां और एक बेटा दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें ईश्वर के इस आशीर्वाद की खुशी है।
डॉक्टरों ने बताया बेहद दुर्लभ प्रसव
जनाना अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि उनके कार्यकाल में इस तरह का यह पहला मामला है। उन्होंने कहा कि एक साथ चार बच्चों का जन्म होना बेहद दुर्लभ होता है और लगभग 24,000 प्रसव में ऐसा एक मामला देखने को मिलता है।
चारों नवजातों की हो रही विशेष निगरानी
डॉक्टरों के अनुसार, चारों नवजातों का वजन सामान्य से कम है। इसी कारण उन्हें एनआईसीयू में भर्ती कर लगातार निगरानी और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। चिकित्सा टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। राजकीय जनाना अस्पताल में हुए इस दुर्लभ प्रसव की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

