मोरबी: गुजरात के मोरबी जिले के वीरपरडा गांव के रहस्यमयी कुएं में फिर अजीब हलचल दिखाई दे रही है। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है और लोग पूजा-पाठ का सहारा ले रहे हैं। कुएं के पास लोगों की भीड़ लगी है। मोरबी के इस 18 फीट गहरे कुएं का पानी पिछले चार दिनों से समुद्र की लहरों की तरह हिल रहा है। वीरपरडा गांव में नेशनल हाईवे के किनारे स्थित यह कुआं अजीब गतिविधि के वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की उत्सुकता का केंद्र बन गया है।
कुएं में उठ रही रहस्यमयी लहरें
घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने रहस्यमयी लहरों के कारण की जांच के आदेश दिए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग इस अनोखी घटना को देखने के लिए मौके पर पहुंचने लगे।
कुएं का पानी एक बार फिर अपने आप हिलता-डुलता नजर आया। घटना को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
समय-समय पर होती है हलचल
दो दिन पहले भी कुएं में इसी तरह की हलचल देखी गई थी, जो कल दोपहर तक पूरी तरह बंद हो गई थी। लेकिन फिर कल दोपहर करीब 3 बजे रहस्यमयी हलचल दोबारा शुरू हो गई।
कुएं में इस तरह की हलचल आखिर किस वजह से हो रही है, इसका कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह इलाका भूकंप प्रभावित यानी सीस्मिक जोन में आता है, इसलिए संभव है कि भूगर्भीय गतिविधियों के कारण ऐसा हो रहा हो। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अधिकारी भी देखकर हैरान
मोरबी के वीरपरडा गांव पहुंचे संबंधित अधिकारियों ने भी कुएं के जल को देखा। भूस्तर अधिकारी ने बताया कि यह गतिविधि भू-वैज्ञानिक कारणों से होती प्रतीत होती है।
प्रारंभिक जांच में भारी बारिश से कुएं के रीचार्ज होने और तेज हवा के कारण पानी में हलचल होने की संभावना जताई गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूकंप जैसी किसी भी गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं।
कुएं के पानी का इस तरह हिलना किस वजह से हो रहा है, इस मामले की आगे भी निगरानी और जांच जारी है।
कुएं में समुद्र जैसी लहरों का वीडियो वायरल
क्या आपने कभी कुएं में समुद्र जैसी लहरें उठते हुए देखी हैं? गुजरात के मोरबी जिले में ऐसा ही नजारा देखने को मिला है। यहां एक कुएं का पानी समुद्र की तरह हिलोरे मार रहा है।
घटना टंकारा तालुका के वीरपरडा गांव की बताई जा रही है। गांव में बने एक साधारण कुएं का पानी अचानक समुद्र की ऊंची लहरों की तरह उठ रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं।
इसका वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद प्रशासन और भू-वैज्ञानिकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर कुएं में उठती लहरों की जांच की कि आखिर पानी हिलोरे क्यों मार रहा है।
पानी में फंसी हवा हो सकती है वजह
मोरबी जिले के कलेक्टर स्वप्निल खरे का कहना है कि वीरपरडा के कुएं के बारे में सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के आधार पर जिले के भू-वैज्ञानिकों ने मौके का दौरा किया था।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि पानी में यह हलचल शायद पानी के नीचे फंसी हवा की वजह से हो रही है। जब फंसी हुई हवा अपनी जगह बदलती है तो पानी की सतह पर हलचल पैदा होती है।
गुजरात ग्राउंडवाटर रिसर्च इंस्टीट्यूट से भी इस मामले की विस्तृत जांच करने और रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
जामनगर-अमृतसर नेशनल हाईवे का मामला
यह गांव जामनगर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर है। यहां रहने वाले प्रांजिवनभाई सदारिया नाम के किसान के खेत में बने इस 18 फीट गहरे कुएं का हिलोरे मारता पानी देखने के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
पानी की इस रहस्यमयी हलचल इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में यह डर बैठ गया था कि यह किसी बड़े भूकंप का संकेत हो सकता है।
हालांकि, भू-वैज्ञानिकों की टीम की जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि इस घटना का भूकंपीय गतिविधियों से संबंध नहीं है। आईएसआर के विशेषज्ञों ने बताया कि इस क्षेत्र में कोई एक्टिव फॉल्ट लाइन नहीं है।
कुएं के आसपास बैरिकेडिंग
प्रशासन ने लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर कुएं के आसपास बैरिकेडिंग कर दी है। वहीं लोगों को ज्यादा पास नहीं जाने की सलाह दी गई है।


