सरकारी स्कूल विवाद पर हनुमान बेनीवाल का हमला, बोले- राजस्थान में सवाल पूछना भी अपराध है क्या?

0
15
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल का सरकारी स्कूल विवाद पर बयान
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल का सरकारी स्कूल विवाद पर बयान

जयपुर: नागौर सांसद और RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने जयपुर जिले में सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था की स्थिति सामने लाने पहुंचे CJP से जुड़े लोगों पर कथित हमले को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तीखा हमला बोला है।

सांसद ने सवाल उठाते हुए कहा, “मुख्यमंत्री जी, राजस्थान में अब सवाल पूछना भी अपराध हो गया है क्या?” उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल की स्थिति देखने पहुंचे लोगों पर जिस तरह कथित हमला हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।

सरकारी स्कूल की स्थिति को लेकर सरकार पर सवाल

बेनीवाल ने कहा कि सामने आई स्कूल की तस्वीरें राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था के दावों पर सवाल खड़े करती हैं। उनका कहना है कि व्यवस्था की कमियां उजागर करने वालों को जवाब देने के बजाय डराने-धमकाने और हमला करने की नौबत क्यों आ रही है।

हनुमान बेनीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति अपराध नहीं है और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना गुनाह नहीं है।

उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने वाले युवाओं, महिलाओं और आंदोलनकारियों पर बल प्रयोग का विरोध करने का भी जिक्र किया।

सरकार के खिलाफ सवाल उठाने वालों पर कार्रवाई का आरोप

सांसद ने कहा कि अब राजस्थान में भी सवाल खड़ा हो गया है कि क्या सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने के लिए सत्ता का संरक्षण प्राप्त लोगों को खुली छूट दी जा रही है।

बेनीवाल ने बीकानेर के नोखा क्षेत्र में सरकारी स्कूलों से जुड़े मामलों और झालावाड़ की स्कूल त्रासदी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सरकारी स्कूलों की बदहाली और लापरवाही की तस्वीरें सामने आती रही हैं।

उन्होंने कहा कि राजस्थान हाईकोर्ट भी सरकारी स्कूलों की जर्जर स्थिति और बुनियादी सुविधाओं की कमी पर गंभीर चिंता जता चुका है, लेकिन सरकार ने इससे कोई सबक नहीं लिया।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

सांसद ने कहा कि अगर सरकारी स्कूलों की बदहाली सामने लाना अपराध है तो सरकार को बताना चाहिए कि स्कूलों की हालत सुधारने के बजाय सवाल उठाने वालों को डराने की कोशिश क्यों हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के 24 घंटे बाद भी भाजपा नेताओं की ओर से हमले को सही ठहराने की कोशिश की जा रही है। बेनीवाल ने दावा किया कि इससे मुख्यमंत्री के इशारे पर घटनाक्रम होने की आशंका सामने आती है।

सांसद ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ कथित हमले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here