बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है, जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और शव को पानी के टांके में फेंककर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। मामले में आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ब्लाइंड मर्डर का ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार गरल गांव निवासी तेजाराम भील (42) का शव 4 जून को मालपुरा फांटा क्षेत्र के एक खेत में बने पानी के टांके में मिला था। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन मृतक के भाई की शिकायत के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी नेटल (36) सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी और इंस्टाग्राम पर उसके करीब 42 हजार फॉलोअर्स हैं। इसी दौरान उसकी पहचान टैक्सी चालक गुमानसिंह (30) से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। जब तेजाराम को इस संबंध की जानकारी मिली तो घर में अक्सर विवाद होने लगा। इसके बाद दोनों ने मिलकर तेजाराम को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक 2 जून को पत्नी ने तेजाराम को फोन कर कहा कि वह उससे परेशान होकर पीहर जा रही है और इसके बाद अपना मोबाइल बंद कर लिया। पत्नी की तलाश में निकले तेजाराम ने गुमानसिंह से संपर्क किया। गुमानसिंह ने उसे धोरीमन्ना बुलाया, शराब पिलाई और नशे की हालत में करीब 30 किलोमीटर दूर मालपुरा फांटा स्थित एक खेत में ले जाकर पानी के टांके में फेंक दिया। डूबने से तेजाराम की मौत हो गई। आरोपी वारदात के बाद मृतक का मोबाइल और बैग टांके के बाहर छोड़कर फरार हो गया।
तकनीकी साक्ष्यों से पहुंचे आरोपियों तक
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन को चार्ज कर उसकी कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच की। तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश और वारदात कबूल कर ली।

पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
डीएसपी रमेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर हत्या, आपराधिक साजिश और साक्ष्य छिपाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। अदालत ने आरोपी पत्नी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि प्रेमी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।


