भावनगर में जहरीली शराब का कहर, 8 की मौत, 61 लोग बीमार

0
3
भावनगर में जहरीली शराब पीने से बीमार मरीजों का अस्पताल में इलाज
भावनगर में जहरीली शराब पीने से बीमार मरीजों का अस्पताल में इलाज

भावनगर: गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक 61 लोग बीमार हुए हैं। शुक्रवार शाम तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। अस्पताल में भर्ती 25 लोगों में से 10 की हालत गंभीर है।

जिला प्रशासन ने बताया कि लोगों ने अत्यधिक जहरीले पदार्थ मेथनॉल युक्त शराब का सेवन किया था। इस घटना के सिलसिले में वरतेज थाने में दर्ज प्राथमिकी में 21 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से 13 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

61 लोग बीमार, 8 की मौत

गुजरात में शराब का निर्माण, बिक्री और सेवन प्रतिबंधित है। जिला प्रशासन कार्यालय के अनुसार कुल 61 लोग बीमार हुए हैं और 25 का अब भी इलाज जारी है।

शराब पीने वाले 18 अन्य लोग अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन चिकित्सकों के परामर्श के बाद वहां से चले गए। अस्पताल में भर्ती मरीजों में से 15 की हालत स्थिर है, जबकि 10 मरीज गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं। इनमें से एक मरीज को वेंटिलेटर पर रखा गया है।

मेथनॉल युक्त शराब पीने से बिगड़ी हालत

अधिकारियों ने बताया कि अब तक 10 अन्य मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। पुलिस के अनुसार, पीड़ितों ने भारत में निर्मित लोकप्रिय विदेशी शराब (IMFL) ब्रांड के नाम वाली बोतलों में पैक की गई जहरीली शराब का सेवन किया था।

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मद्य निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गैर-इरादतन हत्या, मिलावट और जहर देने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

13 आरोपी गिरफ्तार, जांच SMC को सौंपी

स्थानीय अदालत ने गुरुवार को आरोपियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (SMC) को सौंप दी गई है।

यह गुजरात पुलिस की विशेष इकाई है, जो पूरे राज्य में अवैध शराब और जुआ गतिविधियों पर नजर रखती है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और जहरीली शराब की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here