नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम घोषित कर दी है। नई टीम में राजस्थान के दो वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को फिर से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है।
13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की नियुक्ति
भाजपा ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर 13 नेताओं की नियुक्ति की है। इनमें राजस्थान से वसुंधरा राजे सिंधिया के अलावा उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत, दिल्ली से राम माधव, ओडिशा से बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश से डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा और गुजरात से वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी शामिल हैं।
इसके अलावा महाराष्ट्र से डॉ. भारती प्रवीण पवार, पंजाब से सरदार मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य, कर्नाटक से प्रो. एम. नागराजा, उत्तर प्रदेश से प्रो. तारिक मंसूर और पश्चिम बंगाल से डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
8 नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी
बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर 8 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें राजस्थान से डॉ. सतीश पूनिया के अलावा महाराष्ट्र से विनोद तावड़े, दिल्ली से सुनील बंसल, त्रिपुरा से बिप्लब कुमार देब, उत्तर प्रदेश से स्मृति ईरानी शामिल हैं।
इसके साथ ही मध्य प्रदेश से गजेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश से हरीश द्विवेदी और हरियाणा से संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है।
संगठन में भी महत्वपूर्ण नियुक्तियां
संगठन में भी महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। वहीं शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।
राजस्थान के लिहाज से सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री और वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने को पार्टी संगठन में राज्य के दो वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के तौर पर देखा जा रहा है।


