पचपदरा रिफाइनरी में इसी महीने शुरू होगा पेट्रोल-डीजल उत्पादन, 4 जुलाई को उद्घाटन की संभावना

0
10

जयपुर। राजस्थान के बालोतरा जिले स्थित पचपदरा रिफाइनरी में इसी महीने पेट्रोल और डीजल का उत्पादन शुरू होने की संभावना है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को रिफाइनरी का उद्घाटन कर सकते हैं। रिफाइनरी के साथ ही पीएम मोदी जोधपुर एयरपोर्ट का उद्घाटन भी कर सकते हैं। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी इसके संकेत दिए हैं। वहीं, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने परियोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पेट्रोल-डीजल उत्पादन जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

पहले कई बार टला उद्घाटन

पचपदरा में स्थापित रिफाइनरी का उद्घाटन पहले 28 जनवरी को प्रस्तावित था। बाद में इसे 21 अप्रैल के लिए तय किया गया था। हालांकि, 20 अप्रैल को क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट-वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट (CDU-VDU) के एक्सचेंजर में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई, जिसके चलते उद्घाटन कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। अब 4 जुलाई को उद्घाटन होने की संभावना जताई जा रही है।

जोधपुर एयरपोर्ट का भी होगा उद्घाटन

जोधपुर दौरे पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी और जोधपुर एयरपोर्ट का उद्घाटन एक साथ होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही इसका शुभारंभ करेंगे। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कार्यक्रम की तारीख तय की जाएगी। माना जा रहा है कि जून के अंत तक सभी तैयारियां पूरी हो जाएंगी।

उत्पादन अंतिम चरण में

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को शासन सचिवालय में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन जल्द शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल उत्पादन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इसी महीने उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

रिफाइनरी परियोजना के कार्यों की समीक्षा

समीक्षा बैठक में रिफाइनरी परियोजना की वर्तमान स्थिति, आधारभूत सुविधाओं के विकास और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि यह परियोजना राज्य के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे करें।

उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के शेष कार्यों में तेजी लाने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार, खान एवं पेट्रोलियम विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोड़ा, विशिष्ट शासन सचिव नम्रता वृष्णि सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here