शहजाद पूनावाला के BJP छोड़ने की अटकलें तेज, X बायो से हटाया पार्टी का नाम

0
27
शहजाद पूनावाला के X बायो में बदलाव के बाद BJP छोड़ने की अटकलें
शहजाद पूनावाला के X बायो में बदलाव के बाद BJP छोड़ने की अटकलें

नई दिल्ली: लंबे समय से भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला के पार्टी से इस्तीफा देने की अटकलें तेज हो गई हैं। उनके X प्रोफाइल के बायो में बदलाव के बाद राजनीतिक गलियारों में इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई है। बीते गुरुवार को उन्होंने अपने X हैंडल के साथ अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स के डिस्क्रिप्शन से भी BJP शब्द हटा दिया और उसकी जगह “भारतीय” लिख दिया। हालांकि, उन्होंने अपने बायो में खुद को “लाइफ लॉन्ग फॉलोवर ऑफ नरेंद्र मोदी” बताया है।

2021 में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी

शहजाद पूनावाला ने वर्ष 2021 में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। नवंबर 2021 में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया। इससे पहले वह कांग्रेस से जुड़े थे।

उन्होंने दिसंबर 2017 में कांग्रेस छोड़ दी थी। उस समय उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ खुलकर विरोध जताया था और पार्टी में परिवारवाद का मुद्दा उठाया था।

X बायो में क्या बदलाव किया?

शहजाद पूनावाला ने अपने अपडेटेड X बायो का स्क्रीनशॉट भी साझा किया। इसमें उन्होंने लिखा है, “धर्म: इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय, लेखक: GST की यात्रा।”

इसके साथ ही उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन फॉलोवर बताया है। बायो से भाजपा का नाम हटाए जाने के बाद उनके पार्टी से अलग होने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है।

भाजपा के मुखर प्रवक्ताओं में रहे हैं पूनावाला

शहजाद पूनावाला भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर टेलीविजन बहसों और विभिन्न मंचों पर पार्टी की नीतियों का बचाव करते रहे हैं। कई मौकों पर वे विपक्षी दलों के प्रवक्ताओं के साथ तीखी बहस करते हुए भी नजर आए हैं।

वह खुद को हिंदू संस्कृति से जुड़ा बताते रहे हैं और कई बार मंदिरों में पूजा करते हुए भी नजर आए हैं। राजनीतिक बहसों में वह पाकिस्तान और विपक्षी दलों पर भी मुखर रुख रखते रहे हैं।

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में हुए थे शामिल

शहजाद पूनावाला ने 2017 में कांग्रेस छोड़ दी थी। कांग्रेस छोड़ते समय उन्होंने पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली और राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया।

पॉडकास्ट में राजनीति से संन्यास का दिया था संकेत

हाल ही में एक पॉडकास्ट में शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक सफर को लेकर भी चर्चा की थी। उन्होंने एक्स पर इस इंटरव्यू के कुछ अंश साझा किए थे।

उन्होंने बताया था कि 2024 के चुनाव के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने के बारे में सोचा था, लेकिन बाद में अपना फैसला बदल दिया। उन्होंने कहा था कि सक्रिय राजनीति में उन्हें करीब 18-19 वर्ष हो चुके हैं और उन्होंने 2006 में NSUI ज्वाइन की थी।

क्यों रुके थे शहजाद पूनावाला?

पॉडकास्ट में उन्होंने बताया था कि 2024 में उन्होंने सोचा था कि नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद वह सक्रिय राजनीति से अलग हो जाएंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि उस समय सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे पर उन्हें एक अलग भाव नजर आया।

इसके बाद उन्होंने अगले एक-दो वर्षों में होने वाले महत्वपूर्ण चुनावों, जिनमें पश्चिम बंगाल, दिल्ली और हरियाणा के चुनाव शामिल थे, में पूरी ताकत लगाने और जीत के बाद सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने के बारे में सोचने की बात कही थी। फिलहाल उनके X बायो में बदलाव के बाद पार्टी से इस्तीफे की अटकलें चल रही हैं, लेकिन इस संबंध में उनकी ओर से कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here