CBN की बड़ी कार्रवाई, 115 किलो अफीम जब्त
राजस्थान के दौसा जिले में CBN (केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 115.160 किलोग्राम अफीम बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
सीबीएन को सूचना मिली थी कि पूर्वोत्तर भारत से राजस्थान की ओर मादक पदार्थ की बड़ी खेप भेजी जा रही है। इसके बाद विशेष टीम ने संदिग्ध वाहन की लगातार निगरानी की और करीब 2,000 किलोमीटर तक उसकी ट्रैकिंग की।

आगरा-जयपुर हाईवे पर पकड़ी गई खेप
टीम ने आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिकंदरा टोल प्लाजा के पास झारखंड नंबर की हुंडई क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार की डिक्की में छिपाकर रखे गए तीन बोरों से 109 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 115.160 किलोग्राम अफीम भरी हुई थी।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि तस्करों ने मादक पदार्थ की गंध छिपाने के लिए वाहन में बड़ी मात्रा में इत्र और परफ्यूम का इस्तेमाल किया था, ताकि सुरक्षा एजेंसियों को भ्रमित किया जा सके।
NDPS Act के तहत केस दर्ज, आरोपी दो दिन के रिमांड पर
कार्रवाई के दौरान फलोदी निवासी मालाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। रविवार को उसे विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने दो दिन के रिमांड पर भेज दिया।
अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
यह कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त निखिल गांधी और विपिन कुमार के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने की। अभियान में निरीक्षक परिक्षित चौधरी, उप निरीक्षक मोहित यादव समेत कई अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


