जोधपुर : भोपालगढ़ नगरपालिका की सुबह सड़कों पर खिलाड़ियों का हुजूम देखकर क्षेत्रवासियों का बड़ा ही अचरज हुआ। करीबन 4 हजार स्कूली खिलाड़ी सांसद खेल महाकुम्भ का टी-शर्ट पहने सांसद और पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री पीपी चौधरी के साथ मिनी मैराथन में कदमताल करते हुए नजर आए। इस दौड़ में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि के साथ क्षेत्र के अन्य नामचीन खिलाड़ियों ने भाग लिया। हीरादेसर से आरंभ हुई मिनी मैराथन परसराम मदेरणा स्टेडियम में संपन्न हुई। यहां पर विभिन्न खेल प्रतिगिताओं का आयोजन भी हुआ, जहां बच्चों के साथ ही ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के बाद सांसद चौधरी ने संबोधन भी दिया। उन्होंने कहा कि पहले ओलंपिक या अन्तराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं की मेडल तालिका में भारत का नम्बर अंतिम पायदान पर रहता था परन्तु अब हमारा देश खेल स्पर्धाओं में अग्रणी सिद्ध हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने खिलाडियों को बढावा देने के लिए नई योजना तैयार की है। खेल इंडिया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत सांसद खेल महाकुंभ और सांसद खेल प्रतिर्स्पधा के रूप में संपूर्ण भारतवर्ष में खेल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इसमें ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने एवं एक मजबूत मंच देने का प्रमुख कारण है।
सांसद चौधरी ने कहा कि खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पदक एक ही दिन में प्राप्त नहीं होते है इसके लिए कडी मेहनत की आवश्यकता होती है। खिलाडी स्पर्धाओं से ही अनुशासन सीखते हैं। अनुशासन का पाठ खेलों से ही सीखने को मिलता है। खेल जीवन में जीतने की कला सिखाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें अवसर देने की है। यदि खिलाडी को अवसर मिलेगा तो निश्चित रुप से वह देश-प्रदेश के साथ ही अपने शहर, गांव का नाम भी रोशन करेगा। संबोधन के बाद सांसद चौधरी ने सभी विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। प्रतियोगिता में नगरपालिका क्षेत्र की सरकारी व निजी विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विदित है कि सांसद चौधरी की पहल पर पूरे लोकसभा क्षेत्र में सांसद खेल महाकुम्भ का आयोजन रहा है। इसी कड़ी में भोपालगढ़ क्षेत्र में इसका आयोजन हुआ।

इस दौरान मंत्री पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री कमसा मेघवाल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अरविन्द बर्रा, जिला मंत्री ओमप्रकाश चोटिया, मण्डल अध्यक्ष भोपालगढ़ रामविलास जलवाणिया, मण्डल अध्यक्ष आसोप पदमाराम बांता, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष रामलाल मेघवाल, युवा मोर्चा भोपालगढ़ मण्डल अध्यक्ष श्यामलाल सोलंकी, किसान मोर्चा मण्डल अध्यक्ष श्रवण गोदारा, मेहराम विश्नोई, सत्यनारायण लखपति, पूर्व मण्डल अध्यक्ष आसोप नाहरसिंह, नेमीचन्द सुथार, मेहबूब अली, पारस लखारा, रामनिवास गोदारा, घनश्याम वैष्णव, प्रकाश राव, रामदेव गुर्जर, सुखराम लौहार सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी, समस्त विद्यालयों के प्रधानाचार्य, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे।