हाई कोर्ट के वकील से मुख्यमंत्री तक का सफर
केरल : कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने सोमवार को केरल के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 20 अन्य मंत्रियों ने भी मंत्रिमंडल में शपथ ग्रहण की। लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक पकड़ के बाद कांग्रेस आलाकमान ने उनके नाम पर भरोसा जताया। वीडी सतीशन पूर्व में हाई कोर्ट में वकालत कर चुके हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके और उनकी पत्नी के पास संयुक्त रूप से करीब 5.6 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है, जबकि उन पर लगभग 24 लाख रुपये का कर्ज है।
छात्र राजनीति से बनाई मजबूत पहचान
एर्नाकुलम जिले के नेट्टूर निवासी सतीशन ने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। एसएच कॉलेज थेवरा और बाद में महात्मा गांधी विश्वविद्यालय में छात्र नेतृत्व की भूमिकाओं के जरिए उन्होंने राजनीतिक पहचान बनाई। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद उनकी कांग्रेस संगठन में पकड़ मजबूत हुई। बाद में उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जैसे पद भी संभाले।
परवूर सीट से लगातार दर्ज की जीत
वीडी सतीशन का चुनावी सफर 1990 के दशक में परवूर विधानसभा सीट से शुरू हुआ। शुरुआती हार के बाद उन्होंने लगातार जीत हासिल कर क्षेत्र में मजबूत जनाधार बनाया।उन्होंने 2006, 2011, 2016, 2021 और 2026 में परवूर सीट से जीत दर्ज की। वर्ष 2021 के चुनाव में उन्होंने 21,301 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।
ADR रिपोर्ट में सामने आई संपत्ति की जानकारी
ADR की रिपोर्ट के अनुसार सतीशन की कुल संपत्ति करीब 6 करोड़ 65 लाख 64 हजार 170 रुपये बताई गई है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) को 35 सीटें और भाजपा को तीन सीटें मिलीं।
शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे कई बड़े नेता
शपथ ग्रहण समारोह में मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, विभिन्न दलों के नेता और हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।


