रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने बयान को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। बीजेपी सांसद ने केंद्र की एथनॉल नीति का बचाव करते हुए इसके विरोधियों से पूछा, ‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा क्या?’
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनार्दन मिश्रा रीवा एयरपोर्ट पर भोपाल-रीवा और कोलकाता-रीवा फ्लाइट के लिए आयोजित कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने एथनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों को लेकर कहा, “हमारे देश में 20 प्रतिशत तेल का उत्पादन होता है और 80 प्रतिशत विदेश से आता है। इस समय लड़ाई छिड़ गई है और होर्मुज बंद हैं और हूती विद्रोहियों ने भी इसे और बंद कर दिया है। 18,000 किलोमीटर का चक्कर लगाने के बाद तेल मिल रहा है।”
जब शुद्ध पेट्रोल देश में है ही नहीं तो आएगा कहां से
मिश्रा ने कहा, “जब पीएम मोदी कहते हैं कि एथनॉल मिलाओ 20 प्रतिशत तो आंदोलन हो रहा है कि एथनॉल नहीं चलेगा, शुद्ध पेट्रोल चाहिए। शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के यहां से आएगा। जब शुद्ध पेट्रोल देश में है ही नहीं तो आएगा कहां से।”
उन्होंने एथनॉल मिश्रण का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा, “आज एथनॉल का विरोध हो रहा है। ब्राजील 100 प्रतिशत एथनॉल का उत्पादन करता है। ये डीजल-पेट्रोल गाड़ी एथनॉल से चल रही है।”
कोई दिक्कत नहीं आएगी- जनार्दन मिश्रा
बीजेपी सांसद ने कहा, “ऑटोमोबाइल वाले कह रहे हैं कि हमारे पास में इंजन है, कोई भी दिक्कत नहीं आएगी। एथनॉल से गाड़ी चलाने वाली क्षमता हिंदुस्तान में है। हिंदुस्तान की गाड़ी एथनॉल से चल सकती हैं। लेकिन लोग कहते हैं कि एथनॉल मत बनाओ। एथनॉल नहीं बनाएंगे तो पेट्रोल और डीजल कहां से आएगा।”
भारत में महंगाई कम है- बीजेपी सांसद
भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि भारत में महंगाई बहुत कम है। उन्होंने कहा, “आज अगर दुनिया में कहीं भी सबसे अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं, न केवल नौकरियां, बल्कि रोजगार के अवसर। आज अगर दुनिया भर में महंगाई के बावजूद कहीं भी महंगाई सबसे कम है, तो वह भारत में है। आज देश आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर है। हम पहले 600 करोड़ रुपये के बम निर्यात करते थे, आज हम 38,000 करोड़ रुपये के रक्षा उपकरण निर्यात कर रहे हैं।”
जनार्दन मिश्रा ने कहा, “2014 के भारत और 2026 में नरेंद्र मोदी के भारत में क्या अंतर है? अगर आप यह अंतर देख सकते हैं, तो देश को तोड़ने में लगे लोगों को करारा जवाब देना चाहिए। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो इसका मतलब है कि आप इस तरह का विकास नहीं चाहते हैं।”
कांग्रेस पार्टी ने बोला हमला
बीजेपी सांसद के बयान पर कांग्रेस पार्टी ने जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह सत्ता की ठसक है।
उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “रीवा से चुने नरेंद्र मोदी सरकार के सांसद कह रहे हैं, आंदोलन हो रहा है, एथेनॉल नहीं चलेगा! शुद्ध पेट्रोल चलेगा! शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा। यह सत्ता की ‘ठसक’ है! यह जनमत की कुर्सी का ‘अहंकार’ है! यह पेट्रोल से पीड़ित नागरिकों से ‘नफरत’ है।”


