प्रवासी राजस्थानी पूरी दुनिया में फैला रहे मातृभूमि की महक और संस्कृति: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

0
3
बेंगलुरु में प्रवासी राजस्थानी संगम कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
बेंगलुरु में प्रवासी राजस्थानी संगम कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

बेंगलुरु: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी प्रदेश की मिट्टी की खुशबू पूरी दुनिया में फैला रहे हैं और अपनी संस्कृति, परंपरा एवं ऐतिहासिक गौरव को भी प्रतिष्ठित कर रहे हैं। प्रवासी राजस्थानियों ने अपनी मातृभूमि के प्रति प्रेम और योगदान की भावना को ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान में दिखाया है और पूरे उत्साह, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी भागीदारी भी निभाई है।

प्रवासी राजस्थानियों ने राजस्थान से अपने अटूट नाते के साथ जल संरक्षण के क्षेत्र में सामाजिक सरोकार के कार्यों को बढ़ावा दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों से राजस्थान की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया। मुख्यमंत्री रविवार को बेंगलुरु में आयोजित प्रवासी राजस्थानी संगम कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रवासी भारतीय समुदाय को देश का ब्रांड एंबेसडर मानते हैं। मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया संकट के दौरान सऊदी अरब, दुबई, रियाद और बहरीन में प्रवासी राजस्थानी चैप्टर्स द्वारा भारतीयों की सहायता के कार्यों की सराहना की।

तेज आर्थिक विकास की राह पर राजस्थान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान तेज आर्थिक विकास कर रहा है और देश के अग्रणी राज्यों के रूप में उभर रहा है। राजस्थान देश की 7वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। राज्य की जीएसडीपी वृद्धि दर 12 प्रतिशत से अधिक है और प्रति व्यक्ति आय 2 लाख रुपये से अधिक हो गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 2030 तक 350 बिलियन डॉलर और 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।

राज्य सरकार का प्रयास, प्रवासी राजस्थानियों से सीधा जुड़ाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो अपनी मिट्टी को याद रखता है, उसकी मिट्टी भी उसे कभी नहीं भूलती। इसी भावना के साथ राज्य सरकार ने प्रवासी राजस्थानियों के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

उन्होंने बताया कि डोमेस्टिक एंड ओवरसीज राजस्थानी अफेयर्स विभाग का गठन कर प्रवासी राजस्थानियों से नियमित समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

राजस्थान के विकास में प्रवासी योगदान पर हुई सार्थक चर्चा

इस अवसर पर दैनिक जलतेदीप एवं राजस्थानी मासिक माणक के प्रधान संपादक पदम मेहता ने राजस्थान फाउंडेशन के देश-विदेश से आए चैप्टर अध्यक्षों के साथ राजस्थानी भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन तथा राजस्थान के औद्योगिक एवं शैक्षणिक विकास में प्रवासी राजस्थानी योगदान को लेकर सार्थक चर्चा की।

इस दौरान प्रवासी राजस्थानी समाज को राजस्थान के विकास से और अधिक मजबूती से जोड़ने तथा उनके अनुभव, संसाधन एवं विशेषज्ञता का प्रदेश हित में उपयोग करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ।

चर्चा के दौरान सभी अध्यक्षों ने बताया कि जलते दीप का उन लोगों से नियमित संपर्क व जुड़ाव विनोद शर्मा के माध्यम से है और समय-समय प्रकाशित समाचारों पर धन्यवाद भी ज्ञापित किया।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here