जयपुर : राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के करेड़ा कस्बे में एक मोबाइल दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। बस स्टैंड के पास स्थित मातेश्वरी मोबाइल शॉप में सोमवार देर रात चोरों ने सेंध लगाकर लगभग 4 से 5 लाख रुपये कीमत के 35 से 40 स्मार्टफोन चोरी कर लिए। घटना के दौरान एक संदिग्ध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा दिखने वाला मास्क पहने सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया।
छत के रास्ते दुकान में घुसे चोर
दुकान संचालक लक्ष्मण सेन के अनुसार चोर सीढ़ियों वाले गेट का ताला तोड़कर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। दुकान में तोड़फोड़ की गई थी, महंगे मोबाइल फोन के डिब्बे खाली पड़े थे और सामान फर्श पर बिखरा हुआ मिला।
सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति अपनी पहचान छिपाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा दिखने वाला मास्क पहने दिखाई दिया।
एक और दुकान में चोरी की कोशिश का शक
पुलिस के अनुसार उसी रात बीज गोदाम चौक स्थित ‘सांवरिया मोबाइल’ में भी सेंध लगाने की कोशिश की गई। वहां लगे सीसीटीवी फुटेज में भी वही नकाबपोश व्यक्ति शटर का ताला तोड़ने का प्रयास करता दिखाई दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने रात में गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है।


