भाजपा नेता रामवतार असवाल की हत्या, इलाके में तनाव

0
13
मनोहरपुर में भाजपा नेता रामवतार असवाल हत्या मामले की जांच करती पुलिस
मनोहरपुर में भाजपा नेता रामवतार असवाल हत्या मामले की जांच करती पुलिस

जयपुर। जयपुर ग्रामीण के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब भाजपा एससी मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामवतार असवाल का शव एक कबाड़ गोदाम में लहूलुहान हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या की है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।

कबाड़ गोदाम में मिला शव

पुलिस के अनुसार, हत्या की वारदात सोमवार देर रात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने कबाड़ गोदाम के अंदर शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान मृतक के गले पर गहरे घाव मिले। पुलिस का मानना है कि उन पर किसी धारदार हथियार से कई वार किए गए। मृतक की पहचान मनोहरपुर निवासी रामवतार असवाल के रूप में हुई, जो लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे।

एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए निम्स अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया।

मामले की जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीमों को भी बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और अन्य महत्वपूर्ण सुराग जुटाने की कार्रवाई की।

ग्रामीणों और परिजनों ने शुरू किया धरना

हत्या से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घटनास्थल के पास धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे और शव का अंतिम संस्कार भी नहीं किया जाएगा।

स्थिति को देखते हुए मनोहरपुर कस्बे और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

जयपुर ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

इसके साथ ही मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स और हाल के दिनों में किसी संभावित रंजिश के पहलू की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here