वाराणसी। धर्म और आस्था की नगरी वाराणसी में गंगा स्नान के दौरान बीयर पीने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बिहार रवाना कर दी गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक गंगा नदी में स्नान करते समय खुलेआम बीयर पीता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई और धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग उठने लगी।
बिहार निवासी युवक की हुई पहचान
पुलिस जांच में वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान बिहार के रोहतास निवासी के रूप में हुई है। इसके बाद वाराणसी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दशाश्वमेध थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वायरल वीडियो, तकनीकी साक्ष्य और अन्य जानकारियों के आधार पर युवक की पहचान सुनिश्चित की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बिहार भेजी गई है।
वीडियो में माफी मांगता दिखा आरोपी
बताया जा रहा है कि वीडियो बनाने के दौरान आरोपी का नाम भी लिया जा रहा है। इसी दौरान युवक वीडियो में माफी मांगता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
घाटों पर बढ़ाई गई निगरानी
घटना के बाद घाटों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस लगातार गश्त और पेट्रोलिंग कर रही है। प्रशासन ने लोगों से धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने और ऐसा कोई कार्य नहीं करने की अपील की है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हों।
पहले भी वायरल हुआ था इफ्तार पार्टी का वीडियो
गौरतलब है कि इससे पहले गंगा नदी में रमजान के दौरान नाव पर इफ्तार पार्टी किए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप लगाया गया था कि पार्टी के दौरान बिरयानी खाने के बाद हड्डियों के अवशेष गंगा नदी में फेंके गए थे।
इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। बाद में सभी आरोपियों को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी।

