राज्यपाल बागड़े बोले- वेदों में समाया ज्ञान का अथाह सागर, धरोहर 2026 का हुआ समापन

0
53
धरोहर 2026 कार्यक्रम में संबोधित करते राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े
धरोहर 2026 कार्यक्रम में संबोधित करते राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े

बालोतरा। ब्रह्मर्षि खेतेश्वर वेद विज्ञान गुरुकुल, मवड़ी में आयोजित वार्षिकोत्सव ‘धरोहर 2026’ का रविवार रात श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ समापन हुआ। गोधूलि वेला में ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन और दीपोत्सव के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम ब्रह्मधाम गादीपति तुलसारामजी महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत निर्मलदासजी महाराज के सानिध्य में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में हरिभाऊ बागड़े उपस्थित रहे।

राज्यपाल बोले- वेद भारतीय संस्कृति की आत्मा

राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि वेद भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं और उन्होंने सदैव सभ्यता एवं संस्कारों का संरक्षण किया है। उन्होंने कहा कि वेदों में ज्ञान का अथाह सागर समाया हुआ है और भारत ने अपने ज्ञान एवं दर्शन के बल पर पूरे विश्व में सम्मान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति और वैदिक ज्ञान केवल आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम नहीं, बल्कि समग्र विकास का आधार भी हैं।

‘सीखने की जिज्ञासा कभी समाप्त नहीं होनी चाहिए’

गुरुकुल में अध्ययनरत ऋषिकुमारों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सीखने की जिज्ञासा कभी समाप्त नहीं होनी चाहिए। मनुष्य जितना अधिक ज्ञान अर्जित करता है, उतना ही उसे यह अनुभव होता है कि अभी बहुत कुछ सीखना बाकी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह दीपक है, जो अंधकार में भी सही मार्ग दिखाती है और जीवन को उद्देश्यपूर्ण बनाती है।

भारतीय संस्कृति की जड़ें मजबूत हैं

राज्यपाल ने कहा कि इतिहास में कई बार भारतीय संस्कृति और वेदों को नष्ट करने के प्रयास हुए, लेकिन भारतीय संस्कृति हर चुनौती के बाद और अधिक मजबूत होकर उभरी है। उन्होंने महाराणा प्रताप का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान धार्मिक प्रवृत्ति का प्रदेश है और नई पीढ़ी को वैदिक परंपराओं एवं भारतीय संस्कारों से जुड़ना चाहिए।

विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम के दौरान गुरुकुल के विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर संत तुलसीदास महाराज, निर्मलदास महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक निबाराम, महामंत्री बाबूसिंह कालूड़ी, आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित, सिवाना विधायक हमीरसिंह भायल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आमजन उपस्थित रहे।

आसोतरा ब्रह्म मंदिर धाम पहुंचे राज्यपाल

इससे पहले राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े बालोतरा जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल आसोतरा ब्रह्म मंदिर भी पहुंचे। मंदिर ट्रस्ट एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पारंपरिक स्वागत किया। उन्होंने ब्रह्मधाम मंदिर के गादीपति तुलसारामजी महाराज से आशीर्वाद लिया तथा शिव धूणा और ब्रह्माजी भगवान के दर्शन किए।

सिवाना में हुआ स्वागत समारोह

सिवाना पहुंचने पर विधायक हमीरसिंह भायल ने राज्यपाल का पारंपरिक स्वागत किया। इस दौरान उन्हें सिवाना किले की तस्वीर भेंट कर क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here