भीनमाल (जालोर)। जालोर जिले के भीनमाल शहर में अवैध कब्जे की शिकायत करने से नाराज बदमाशों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम करीब एक दर्जन बदमाशों ने बीच सड़क पर युवक की लाठियों और सरियों से बेरहमी से पिटाई की और उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
अवैध कब्जे की शिकायत के बाद बढ़ी रंजिश
जानकारी के अनुसार महावीर नगर निवासी गीगाराम देवासी ने बालसमंद बांध के पास जमीन पर अवैध अतिक्रमण को लेकर प्रशासन में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसी शिकायत के बाद कुछ लोग उससे रंजिश रखने लगे थे।

कार और SUV में पहुंचे हमलावर
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम गीगाराम हाईस्कूल और माहेश्वर महादेव मंदिर के पास से गुजर रहा था। तभी कार और SUV गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे करीब 10 से अधिक बदमाशों ने उसे घेर लिया।
लाठी-सरियों से हमला, गाड़ी से कुचलने की कोशिश
हमलावरों ने गाड़ियों से उतरते ही युवक पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। बदमाशों ने लाठियों और लोहे के सरियों से लगातार वार किए। आरोप है कि हमलावरों ने उसे SUV से कुचलकर जान से मारने की भी कोशिश की।
खुद को बचाने के लिए पीड़ित पास की एक दुकान के ऊंचे चबूतरे पर चढ़ गया। इससे उसकी जान बच गई, लेकिन हमले में उसके हाथ और पैर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद फैला आक्रोश
करीब पांच मिनट तक सड़क पर हमला करने के बाद आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही देवासी समाज और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
घायल युवक को तुरंत भीनमाल के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया और पीड़ित व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



Thank you for such a well-written article. I found it both interesting and useful.