राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में भीषण आग, मचा हड़कंप

0
43
राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में लगी आग और मौके पर मौजूद राहत टीम
राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में लगी आग और मौके पर मौजूद राहत टीम

बी-1 कोच में लगी आग, दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित

रतलाम : त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोच में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। यह हादसा रतलाम से करीब 110 किलोमीटर दूर लूणी-विक्रमगढ़ के बीच हुआ। आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:30 बजे ट्रेन के बी-1 कोच से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और थर्ड एसी तथा एसएलआर कोच इसकी चपेट में आ गए। आसमान में उठती आग की लपटों से इलाके में भी हड़कंप मच गया।

गार्ड की सूचना के बाद रोकी गई ट्रेन

गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया। इसके बाद ट्रेन में मौजूद आरपीएफ स्टाफ और रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया।

बी-1 कोच में उस समय 68 यात्री सवार थे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची

हादसे की सूचना मिलते ही कोटा रेल मंडल से राहत एवं बचाव टीम रवाना की गई। दमकल विभाग, रेलवे पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

सौरभ जैन ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत ट्रेन और एआरएमई को मौके पर भेजा गया। रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा और ट्रैक को जल्द बहाल करना है।

दिल्ली-मुंबई रूट पर रेल संचालन प्रभावित

आग लगने के बाद ओएचई यानी ओवरहेड इलेक्ट्रिक सिस्टम भी प्रभावित हुआ, जिसके चलते दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन कुछ समय के लिए रोक दिया गया। मुंबई सेंट्रल-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को महिदपुर रोड स्टेशन पर रोका गया।

रेलवे ने प्रभावित यात्रियों के लिए नाश्ते और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की। बी-1 कोच के यात्रियों को अन्य कोच में समायोजित कर कोटा तक लाया जा रहा है। वहां अतिरिक्त कोच जोड़कर यात्रियों को आगे भेजा जाएगा।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे। रेलवे ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि ओएचई लाइन की मरम्मत का काम जारी है और लाइन बहाल होते ही रेल संचालन सामान्य कर दिया जाएगा।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here