कौशांबी : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक एलपीजी गैस टैंकर टोल प्लाजा के डिवाइडर से टकराने के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
गैस रिसाव के बाद लगी भीषण आग
यह हादसा 26 जून की सुबह कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर तेज रफ्तार में था। टोल प्लाजा के पास चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और टैंकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद गैस का रिसाव शुरू हुआ और कुछ ही सेकंड में पूरे क्षेत्र में आग फैल गई।
4 लोगों की मौत, 2 की हालत गंभीर
हादसे में टैंकर चालक धर्मेंद्र द्विवेदी की केबिन में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई। आग की चपेट में आने से टोल प्लाजा के पांच कर्मचारी भी गंभीर रूप से झुलस गए। इलाज के दौरान आलोक सिंह, हिरामणी सिंह और कृष्णपाल मौर्य की भी मौत हो गई। दो अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
हादसे की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। घटना के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस कर रही जांच
कोखराज थाना पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। कोखराज पुलिस के अनुसार मामले में जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


