लखनऊ : उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार रविवार को होने जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 3:30 बजे जनभवन में आयोजित होगा। इस विस्तार में छह नए चेहरे मंत्री पद की शपथ लेंगे, जबकि दो मौजूदा मंत्रियों का प्रमोशन किया जाएगा।
राज्यपाल को भेजी गई मंत्रियों की सूची
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात कर मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले नामों की सूची सौंपी। इसके बाद संभावित मंत्रियों के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं।
इन नेताओं के नाम चर्चा में सबसे आगे
मंत्रिमंडल विस्तार में जिन नेताओं के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं, उनमें भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा, कृष्णा पासवान और कैलाश राजपूत शामिल हैं।
दो मंत्रियों का होगा प्रमोशन
सूत्रों के अनुसार अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर का कद बढ़ाया जाएगा। दोनों नेताओं को स्वतंत्र प्रभार मंत्री बनाए जाने की चर्चा है।
हंसराज विश्वकर्मा के समर्थकों में उत्साह
हंसराज विश्वकर्मा का नाम सामने आने के बाद वाराणसी में उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह देखा गया। उनके सरकारी आवास पर सुबह से समर्थकों की भीड़ जुटी रही और मिठाइयां बांटी गईं।
पूर्वांचल और OBC समीकरण पर फोकस
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है। गैर-यादव पिछड़ा वर्ग और दलित वोट बैंक को मजबूत करने के लिए कई नए चेहरों को मौका दिया जा रहा है।
पदम सेन चौधरी का नाम भी चर्चा में
बहराइच के पूर्व सांसद पदम सेन चौधरी का नाम भी संभावित मंत्रियों में चर्चा में है। माना जा रहा है कि कुर्मी समाज में पकड़ को देखते हुए भाजपा उन्हें आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
संभावित मंत्रियों की सूची
संभावित सूची के अनुसार भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं हंसराज विश्वकर्मा, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर और कैलाश राजपूत को राज्य मंत्री बनाया जा सकता है।
विभागों में फेरबदल की भी तैयारी
सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार के साथ कई विभागों में फेरबदल भी किया जा सकता है। सरकार संगठन और प्रशासनिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए नई जिम्मेदारियां तय करने की तैयारी में है।


