बेंगलुरु। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और आठ बार विधायक रहे डी. के. शिवकुमार ने लोक भवन में कर्नाटक के 34वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से नेतृत्व का हस्तांतरण पूरा हो गया, जिसकी प्रक्रिया पिछले सप्ताह शुरू हुई थी।

शपथ से पहले मां का लिया आशीर्वाद
शपथ ग्रहण समारोह से पहले डी. के. शिवकुमार अपनी मां गौरम्मा के आवास पहुंचे और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह लोक भवन पहुंचे, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, संत समाज और अन्य अतिथि उनकी प्रतीक्षा कर रहे थे।
तीन साल बाद खत्म हुआ नेतृत्व विवाद
कर्नाटक में पिछले तीन वर्षों से मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहा विवाद समाप्त हो गया। कांग्रेस के प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले डी. के. शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। उनके साथ जी. परमेश्वर ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

संविधान की प्रति लेकर ली शपथ
राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने जैसे ही डी. के. शिवकुमार को शपथ के लिए आमंत्रित किया, उनके हाथ में संविधान की प्रति थी। उन्होंने उसी के साथ पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने मंच से जनता का अभिवादन किया।
इन नेताओं ने भी ली मंत्री पद की शपथ
उप मुख्यमंत्री जी. परमेश्वर के अलावा के.एच. मुनियप्पा, के.जे. जॉर्ज, एम.बी. पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरेगौड़ा, प्रियांक खड़गे, यू.टी. खादर, ईश्वर खंड्रे, यतींद्र सिद्दारमैया, बायराथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल ने मंत्री पद की शपथ ली।
भव्य रहा शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण समारोह में शिवकुमार के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। उनकी मां गौरम्मा, पत्नी उषा और बच्चे कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह में धार्मिक गुरु, फिल्म जगत की हस्तियां, खिलाड़ी और उद्योगपति भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 40 से अधिक धर्मगुरुओं ने भाग लिया।

राहुल गांधी और खड़गे भी रहे मौजूद
समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi सहित कांग्रेस शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
2028 के चुनावी समीकरणों पर नजर
नई कैबिनेट के गठन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखा गया है। दलित, लिंगायत और अहिंदा वर्गों को प्रतिनिधित्व देकर आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक समीकरण साधने का प्रयास किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर डी. के. शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कर्नाटक के विकास और जनता के कल्याण के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।
राजनाथ सिंह ने भी दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कर्नाटक की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उनकी ओर से मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं हैं।


