जोधपुर। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनिता बिश्नोई के स्वास्थ्य में सुधार है। एमडीएम अस्पताल की ICU में डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि पहले की तुलना में उनकी स्थिति बेहतर हुई है। लगातार सुधार होने की उम्मीद है, लेकिन अभी क्रिटिकल केयर की आवश्यकता होने के कारण उन्हें ICU में रखा गया है। परिजनों की ओर से अब तक किसी प्रकार की पुलिस रिपोर्ट बनाड़ थाने में दर्ज नहीं कराई गई है।
डॉक्टरों ने बताया, अगले 24 से 36 घंटे महत्वपूर्ण
एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि अनिता बिश्नोई का उपचार डॉ. अमित सागर की देखरेख में चल रहा है। उन्होंने कहा कि कल की तुलना में उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। परिजन उन्हें इमरजेंसी में लेकर आए थे। फिलहाल क्रिटिकल केयर की आवश्यकता है, इसलिए ICU में उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार अगले 24 से 36 घंटे अभी भी महत्वपूर्ण हैं।
इंस्टाग्राम लाइव के बाद उठाया था यह कदम
बताया जा रहा है कि बुधवार को अनिता बिश्नोई ने अन्य सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स द्वारा ट्रोल किए जाने से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास किया था। इससे पहले वह इंस्टाग्राम पर लाइव आई थीं। लाइव के दौरान उन्होंने कहा था कि उन्हें बदनाम किया जा रहा है और इसमें समाज के कुछ लोग भी शामिल हैं।
उन्होंने भावुक होकर कहा था कि किसी महिला के लिए ऐसा कदम उठाना आसान नहीं होता। जब उसकी इज्जत पर कीचड़ उछाला जाता है, तब वह मजबूर हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया था कि छह पुरुष और दो महिलाएं उन्हें बदनाम कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर हैं लाखों फॉलोअर्स
अनिता बिश्नोई के फेसबुक पर एक मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं। इसके अलावा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी उनकी बड़ी फॉलोइंग है। हाल ही में उन्होंने छोटे कपड़ों के उपयोग को लेकर एक रील पोस्ट की थी, जिसके बाद कुछ स्थानीय इन्फ्लुएंसर्स ने उन्हें निशाना बनाया था।
पति ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
इस मामले को लेकर उनके पति दिनेश ने कुछ इन्फ्लुएंसर्स और परिवार के कुछ लोगों पर अनिता बिश्नोई को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। हालांकि अब तक उनकी ओर से किसी भी प्रकार का मामला दर्ज नहीं कराया गया है।


