मध्य प्रदेश के मुरैना में ट्रेन में आग की अफवाह से मची भगदड़, गाड़ी से कटकर 4 की मौत

0
24
मध्य प्रदेश के मुरैना में ट्रेन में आग की अफवाह से मची भगदड़, गाड़ी से कटकर 4 की मौत
मध्य प्रदेश के मुरैना में ट्रेन में आग की अफवाह से मची भगदड़, गाड़ी से कटकर 4 की मौत

मुरैना : मध्य प्रदेश के मुरैना में एक ट्रेन हादसे से हड़कंप मच गया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री आग लगने की अफवाह के बाद ट्रेन से कूद पड़े, जिससे दूसरे ट्रैक पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में कई यात्री आ गए। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। घटना हेतमपुर स्टेशन के पास की बताई जा रही है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

अफवाह के बाद मची भगदड़

उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार को शाम 4 बजे मुरैना से धौलपुर की ओर रवाना हुई थी। हेतमपुर स्टेशन के पास ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई। जैसे ही यात्रियों ने आग लगने की बात सुनी, चारों ओर भगदड़ मच गई। कई यात्री घबराकर अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से उतर गए और दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

चार लोगों की मौत, मृतकों की पहचान

अब तक तीन महिलाओं और एक बच्चे के शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान आफरीन (35 वर्ष), अशद (4 वर्ष), सकुंतला (60 वर्ष) और वीरमा देवी (58 वर्ष) के रूप में हुई है।

प्रशासन ने शुरू किया राहत एवं बचाव कार्य

रेलवे और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जिलाधिकारी लोकेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि दो महिलाएं और बच्चा आगरा के निवासी थे, जबकि एक अन्य महिला बीकानेर की रहने वाली थी।

रेलवे ने जारी किया बयान

रेलवे के मुताबिक 14 जून 2026 को लगभग 4:15 बजे उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर–धौलपुर रेलखंड में गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच (इंजन से दूसरा कोच) में किसी यात्री ने अलार्म चेन पुलिंग की, जिसके बाद गाड़ी सेक्शन में रुक गई।

दूसरी ट्रेन की चपेट में आए यात्री

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गाड़ी के रुकने के दौरान कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर समीपवर्ती रेल लाइन पर चले गए। इसी दौरान अप दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना प्राप्त हुई। घटना की जानकारी मिलते ही RPF, GRP तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।

घटना के कारणों की जांच जारी

पीड़ित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती अथवा रुकी हुई ट्रेन से बिना अनुमति न उतरें और रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here